
सीधी। शहर के एक पेट्रोल पंप में एक नाबालिग बच्चे के साथ कथित मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक नाबालिग को पेट्रोल पंप परिसर में एक खंभे से बांधा हुआ दिखाई दे रहा है और उसके आसपास बड़ी संख्या में लोग मौजूद हैं। वीडियो में कुछ लोग बच्चे के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह पेट्रोल पंप मनीष अग्रवाल का है, जो हाल ही में शुरू हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो के बाद यह मामला सामने आया। बताया जा रहा है कि नाबालिग पेट्रोल पंप के पीछे बने घर में कथित तौर पर चोरी करने के प्रयास में घुसा था। इसके बाद लोगों ने उसे पकड़ लिया। आरोप है कि इसके बाद नाबालिग को पेट्रोल पंप परिसर में ही एक खंभे से बांध दिया गया और वहां मौजूद लोगों की भीड़ ने उसके साथ मारपीट की। वायरल वीडियो में बच्चे पर थप्पड़ों की बौछार करते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं।
पहले भी चोरी होने का दावा
वीडियो में मौजूद अंकित सिंह ने बताया कि पेट्रोल पंप पर पहले भी कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई चोर पकड़ा नहीं गया था। उनके अनुसार, इस बार एक व्यक्ति दिनदहाड़े चोरी करने के प्रयास में पकड़ा गया। उन्होंने दावा किया कि नाबालिग लोहे की पुरानी सरिया, पेट्रोल पंप का कुछ सामान और वायर चोरी करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान लोगों ने उसे पकड़ लिया और खंभे से बांध दिया।
इनका कहना है कि-
फिलहाल पुलिस को इस घटना के संबंध में कोई जानकारी नहीं है और न ही किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत या आवेदन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, थाना प्रभारी कोतवाली
