शहर के अन्य 4 स्थानों पर नए वाटर एटीएम स्थापित, शहरवासियों को मिलेगा शीतल एवं शुद्ध पेयजल‘

रीवा, 21 सितम्बर 2026 रीवा। शहरवासियों एवं राहगीरों को प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने हेतु नगर पालिक निगम रीवा द्वारा विभिन्न स्थानों पर वाटर एटीएम स्थापित किए जा रहे हैं। इस क्रम में महापौर श्री अजय मिश्रा की उपस्थिति में शहर के वरिष्ठ नागरिक श्री राजकुमार द्विवेदी द्वारा फीता काटकर जिला अस्पताल बिछिया के पास स्थापित नए वाटर एटीएम का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर एमआईसी सदस्य सूफिया सहफुज अंसारी, श्री धनेंद्र सिंह बघेल, सहायक यंत्री श्री अभिनव चतुर्वेदी, जनप्रतिनिधि श्री अशोक पटेल झब्बू, श्री अमित चतुर्वेदी, श्री रामकीर्ति शर्मा, कैलाश गुप्ता, मो. रफी लाला, मुख्तार खान, इम्तियाज़ खान, लालू यादव, मजीद, मोहसिन, आर्यन द्विवेदी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

महापौर श्री मिश्रा ने बताया कि आज निगम द्वारा आज चार नए वाटर एटीएम स्थापित किए गए हैं, जिससे शहरवासियों एवं राहगीरों को शहर के प्रमुख स्थलों पर शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध हो सकेगा, तथा उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वाटर एटीएम का समुचित उपयोग करें। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सुविधाओं का संरक्षण और सदुपयोग हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

महापौर ने शहरवासियों से वाटर एटीएम का उचित उपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि निगम को कई बार वाटर एटीएम की टोंटियां तोड़े जाने तथा व्यवसायिक उपयोग के लिए गैलन आदि में पानी भरने की शिकायतें प्राप्त होती हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वाटर एटीएम का सदुपयोग करें और इसकी सुविधाओं को नुकसान न पहुंचाएं, ताकि अधिक से अधिक शहरवासी इसका लाभ ले सकें।

उन्होंने बताया कि वाटर एटीएम की निरंतर रिफिलिंग के लिए वर्तमान में एक समर्पित 5000 लीटर क्षमता का पानी टैंकर संचालित किया जा रहा है। नागरिकों की सुविधा को देखते हुए शीघ्र ही एक और टैंकर बढ़ाया जाएगा, जिससे सभी वाटर एटीएम में नियमित रूप से पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

गौरतलब है कि नगर निगम द्वारा वाटर एटीएम के संचालन एवं रखरखाव सहित शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के लिए लगभग 45 लाख रुपये की लागत से समग्र व्यवस्था विकसित की गई है। इसके अंतर्गत निगम परिसर में वाटर फिल्टर एवं शीतल पेयजल के लिए आरओ प्लांट स्थापित किया गया है। साथ ही वाटर एटीएम में निरंतर जल आपूर्ति एवं रिफिलिंग के लिए 5000 लीटर क्षमता का समर्पित वाटर टैंकर संचालित किया जा रहा है।

नगर निगम क्षेत्र में पूर्व में 7 स्थानों पर यह निरंतर रूप से संचालित थे वर्तमान में अब कुल 11 स्थानों पर वाटर एटीएम यूनिट स्थापित की गई हैं। इनमें तीन व्यस्ततम एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर 2000 लीटर क्षमता की वाटर एटीएम यूनिट तथा अन्य आठ स्थानों पर 1000 लीटर क्षमता की यूनिट स्थापित की गई हैं।

वाटर एटीएम के प्रमुख स्थलों में नगर निगम परिसर, हॉस्पिटल चौक, ओल्ड बस स्टैंड, न्यू बस स्टैंड, शिल्पी प्लाजा, तानसेन कॉम्प्लेक्स एवं कोर्ट परिसर सहित आज लोकार्पित किए गए जिला अस्पताल बिछिया, धोबिया टंकी, स्टेडियम तिराहा एवं सामान तिराहा शामिल हैं।

नगर निगम द्वारा वाटर एटीएम की स्वच्छता एवं रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रत्येक रविवार को इनकी व्यापक सफाई की जाती है तथा नियमित रूप से समर्पित टैंकर के माध्यम से रिफिलिंग कराई जाती है। वाटर एटीएम से संबंधित किसी भी आवश्यकता अथवा शिकायत के त्वरित निराकरण के लिए टोल-फ्री नंबर भी प्रदर्शित किए गए हैं, जिससे नागरिकों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

नगर निगम द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वाटर एटीएम का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप करें तथा सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं, ताकि यह सुविधा लंबे समय तक शहरवासियों के लिए उपयोगी बनी रहे।

Next Post

सिंधिया पहुंचे भगवान परशुराम के मंदिर

Mon Sep 21 , 2026
ग्वालियर। आज केन्द्रीय संचार मन्त्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रामकुई पर भगवान परशुराम के मंदिर पर माल्यार्पण किया। इस अवसर पर डॉ. केशव पाण्डेय, किशन मुदगल, रामनारायण मिश्रा, राजेश नायक, प्रमोद पाण्डेय, राजू चौधरी, विष्णु मुदगल सहित समाज के गणमान्य लोग उपस्थित थे। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email Copy […]

You May Like