इंदौर: मोटर चोरी करने वालों का पता लगाने के लिए फार्म हाउस में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही थी, तभी फुटेज में रात के अंधेरे में तेंदुआ घूमता दिखाई दिया. इसे देखकर कॉलोनी के लोगों में हड़कंप मच गया. फुटेज की जांच में सामने आया कि तेंदुआ 16 और 18 सितंबर के बाद सोमवार रात तीसरी बार कैमरे में कैद हुआ है. सूचना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है.
मामला रालामंडल से लगी ग्राम पंचायत बिहाड़िया के पीछे स्थित फार्म विला कॉलोनी का है. यहां 30 से अधिक फार्म हाउस बने हुए हैं. नवभारत की टीम मंगलवार को मौके पर पहुंची और सरपंच सहित अन्य लोगों से बातचीत की. चौकीदार ने बताया कि कॉलोनी के एक फार्म हाउस से मोटर चोरी हो गई थी. चोर किस रास्ते से आए और उनकी गतिविधियां क्या थीं, इसकी तस्दीक के लिए कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही थी, इसी दौरान तेंदुआ नजर आया. वहीं सरपंच संदीप यादव ने बताया कि फुटेज खंगालने पर पता चला कि तेंदुआ की मौजूदगी अलग अलग दिनों में दिखाई दी है.
सोमवार रात वह फिर फार्म हाउस से निकलकर कॉलोनी के चौराहे की ओर जाता नजर आया. चौकीदार ने बताया कि चौराहे पर लगे कैमरे में तेंदुआ कुछ देर इधर-उधर सूंघते हुए दिखाई दिया और इसके बाद नाले की तरफ चला गया. कॉलोनी में अधिकांश फार्म हाउस हैं और नियमित रहवासियों की संख्या कम है. इसके बावजूद तेंदुए की लगातार मौजूदगी सामने आने के बाद आसपास की कॉलोनियों के लोगों को सतर्क किया है. सरपंच ने वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और मंगलवार सुबह क्षेत्र का निरीक्षण किया. टीम कैमरों की मदद से तेंदुए की संभावित लोकेशन और उसके आने-जाने के रास्तों का पता लगा रही है.
जंगल से लगा क्षेत्र, लोगों को सावधानी की सलाह
मामले में डीएफओ लाल सुधाकर सिंह से फोन पर बात की, उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा था. टीम ने क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद निगरानी शुरू कर दी है. चूंकि इलाका जंगल से लगा हुआ है, इसलिए आसपास के लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. वन विभाग की टीम तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रख रही है.
