
बालाघाट,बालाघाट जिले के आदिवासी अंचलों में बैगा बच्चों की मौत के मामले को लेकर सीजेपी प्रवक्ता अभिजीत दीपके आज बालाघाट पहुंचे। वे उन गांवों का दौरा करेंगे, जहां हाल के दिनों में बच्चों की मौतें हुई हैं। इस दौरान वे मृत बच्चों के परिजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याओं और परिस्थितियों की जानकारी लेंगे।
जानकारी के अनुसार, अभिजीत दीपके सुबह बालाघाट पहुंचे और फिर अपने साथियों व आदिवासी युवाओं के साथ सुबह 10 बजे क़रीब अडोरी, कोरका और बोनदारी सहित अन्य प्रभावित गांवों के लिए रवाना हुए हैं अब उन गांव पहुंच सकते हैं। उनके दौरे को लेकर आदिवासी क्षेत्र के युवाओं में भी सक्रियता दिखाई दे रही है।
सीजेपी प्रवक्ता अभिजीत दीपके ने कहा कि वे बच्चों की मौत से प्रभावित परिवारों से मिलकर पूरे मामले की जानकारी लेंगे और उनके लिए आगे जो भी संभव होगा, वह करने का प्रयास करेंगे। उन्होंने मृत बच्चों के प्रति दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के साथ संवेदना जताई।
उन्होंने कहा कि बच्चों की मौत के मामले में जिम्मेदारी तय कराने के लिए वे बालाघाट आए हैं। साथ ही उन्होंने बड़े आंदोलन के संकेत भी दिए। दीपके के मुताबिक, बालाघाट के आदिवासी युवाओं से पहले भी इस मुद्दे पर चर्चा हुई थी, लेकिन अब उन्हें पुलिस द्वारा परेशान किए जाने की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद आदिवासी युवा पीछे हटने वाले नहीं हैं और यह लड़ाई लंबी चलेगी।
बैगा आदिवासी क्षेत्रों में बच्चों की मौत को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस और अन्य संगठनों द्वारा मौतों का आंकड़ा 30 से अधिक बताए जाने के बीच सरकार और प्रशासन की ओर से अब तक 12 बच्चों की मौत की पुष्टि किए जाने की बात कही जा रही है। मौतों के कारणों में मलेरिया और मीजल्स समेत अन्य बीमारियों का उल्लेख किया गया है।
