ओंकारेश्वर। कोठी हेलीपैड परिसर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब खेल रहे बच्चों पर लोहे का भारी गेट गिर गया। हादसे में चार वर्षीय दिव्या की मौत हो गई, जबकि पांच वर्षीय यश गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद अन्य बच्चों ने तुरंत गेट हटाकर दोनों को बाहर निकाला और मोटरसाइकिल से ओंकारेश्वर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां इमरजेंसी सुविधा उपलब्ध न होने की बात कहकर परिजनों को खुद एंबुलेंस बुलाकर सनावद ले जाने को कहा गया।
करीब 20-25 मिनट बाद पहुंची एंबुलेंस से बच्चों को सनावद के मोरी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दिव्या ने दम तोड़ दिया। इस हादसे ने हेलीपैड परिसर की सुरक्षा व्यवस्था और सरकारी अस्पताल की आपातकालीन सेवाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने जर्जर गेटों की जांच और स्वास्थ्य विभाग से जवाबदेही तय करने की मांग की है।
