चेन्नई, 28 फरवरी (वार्ता) मौसम विभाग ने मार्च से मई 2026 तक तमिलनाडु के लिए भीषण लू की चेतावनी जारी की है।
विभाग ने शनिवार शाम कहा कि मार्च-मई 2026 के सीजन के दौरान उत्तरी तमिलनाडु में सामान्य से अधिक लू वाले दिन रहने की संभावना है। वर्तमान में दिन का तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है, लू के तेज होने पर जिसके और ऊपर जाने की आसार है।
लू के बढ़ते जोखिम से सार्वजनिक स्वास्थ्य, जल आपूर्ति, बिजली की मांग और आवश्यक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं, जिसका विशेष रूप से बुजुर्गों, बच्चों, बाहर काम करने वाले मजदूरों और पहले से बीमार लोगों पर असर पड़ेगा।
इसमें कहा गया है कि उच्च तापमान के कारण गर्मी से संबंधित बीमारियां हो सकती हैं और बुनियादी ढांचे पर दबाव बढ़ सकता है। मौसम विभाग (आईएमडी) गंभीरता और प्रभावित क्षेत्रों को दर्शाने के लिए साप्ताहिक और विस्तारित अवधि के पूर्वानुमान, प्रारंभिक चेतावनी और प्रभाव-आधारित पूर्वानुमान (आईबीएफ) जारी करेगा।
जनता को सलाह दी गयी है कि वे शरीर में पानी की कमी न होने दें। दोपहर की भीषण गर्मी से बचें और इस दौरान अति संवेदनशील वर्गों का विशेष ख्याल रखें।
चूंकि इस साल उत्तर-पूर्वी मानसून लंबा चला और जनवरी तक बना रहा, साथ ही राज्य में शृंखलाबद्ध तरीके से चक्रवात और कुछ मौसम प्रणालियां देखी गयीं, इसलिए फरवरी के तीसरे सप्ताह तक मौसम ठंडा रहा, जो एक दुर्लभ घटना है। इसे देखते हुए यह भविष्यवाणी की गयी थी कि इस सीजन में लू अधिक तेज होगी और लोगों को भीषण गर्मी के लिए तैयार रहने की सलाह दी गयी है।
भीषण लू की स्थिति, जिसे ‘कथिरी वेय्यिल’ भी कहा जाता है, मई के पहले सप्ताह में शुरू होकर उस महीने के अंत तक जारी रहेगी। इस दौरान पारे के स्तर में कई डिग्री की बढ़ोतरी होगी और उत्तरी आंतरिक जिलों में तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
