
नई दिल्ली। केन्द्रीय संचार और उत्तर-पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शनिवार, 27 सितंबर को दो ऐतिहासिक पहल की शुरुआत करेंगे। पहली पहल देशभर में लगभग 98 हजार मोबाइल 4G टावरों के रोलआउट की है और दूसरी पहल पूरी तरह स्वदेशी 4G नेटवर्क के शुभारंभ की, जो भविष्य में 5G के लिए पूरी तरह तैयार है।
यह नेटवर्क BSNL द्वारा लागू किया गया है, जिसमें कोर नेटवर्क C-DOT ने विकसित किया है, रेडियो एक्सेस नेटवर्क (RAN) तेजस नेटवर्क ने तैयार किया है और TCS ने इंटीग्रेशन किया है। सिंधिया ने इसे आत्मनिर्भर भारत की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि अब भारत दुनिया के अग्रणी दूरसंचार उपकरण निर्माताओं में शामिल हो गया है।
उन्होंने बताया कि इस नेटवर्क से देश का कोई भी हिस्सा अछूता नहीं रहेगा। यह पहल छात्रों, किसानों, सैनिकों और उद्यमियों सभी के लिए जीवन को सरल और सशक्त बनाने वाली होगी। उदाहरण के तौर पर बिहार के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय ऑनलाइन शिक्षा तक आसान पहुँच मिलेगी, पंजाब के किसान मंडी भाव रियल-टाइम में जान सकेंगे, कश्मीर में सैनिक परिवार से जुड़े रहेंगे और उत्तर-पूर्व के उद्यमियों को वैश्विक अवसर उपलब्ध होंगे।
सचिव दूरसंचार डॉ. नीरज मित्तल ने कहा कि जो कुछ साल पहले असंभव लगता था, वह आज वास्तविकता बन गया है। भारत न केवल दूरसंचार तकनीक में आत्मनिर्भर हो गया है बल्कि विश्व स्तर पर निर्यात करने की स्थिति में भी पहुँच गया है।
यह नेटवर्क Digital Bharat Nidhi (DBN) के तहत 29 हजार गांवों को 4G से जोड़ चुका है और BSNL की 25वीं वर्षगांठ से पहले यह बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। प्रधानमंत्री मोदी इस स्वदेशी उपलब्धि को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जो केवल तकनीकी प्रगति ही नहीं बल्कि डिजिटल भारत और वैश्विक नेतृत्व की दृष्टि को भी साकार करती है।
