
नईदिल्ली। पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर मध्यप्रदेश के कृषि विद्यार्थियों के साथ हो रहे शैक्षणिक अन्याय पर चिंता जताई है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल से कृषि विषय (AG-1, AG-2, AG-3) के साथ 12वीं उत्तीर्ण करने वाले छात्रों को ICAR-UG 2025 की काउंसलिंग में पात्रता सूची से बाहर रखा गया है। इससे प्रतिभाशाली छात्र प्रवेश से वंचित हो रहे हैं।
दिग्विजय सिंह ने उदाहरण देते हुए कहा कि CUET-UG 2025 में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले अनिरुद्ध को भी केवल कृषि विषयों के आधार पर अयोग्य ठहराया गया। उन्होंने इसे प्रदेश की प्रतिष्ठा पर आघात और हजारों छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बताया।
पूर्व सीएम ने आग्रह किया है कि ICAR की पात्रता सूची में मध्यप्रदेश के कृषि विषयों को शामिल कर प्रदेश के विद्यार्थियों को केंद्रीय और स्वायत्तशासी कृषि महाविद्यालयों में प्रवेश का अवसर दिया जाए।
