नयी दिल्ली, 30 सितंबर (वार्ता) देश की प्रमुख विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने श्री गौरव हजरती को ‘लॉयल्टी, मार्केटप्लेस और वित्तीय सेवा’ का कारोबार प्रमुख नियुक्त किया है।
श्री हजरती के पास बैंकों और डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म इकोसिस्टम में लॉयल्टी तथा वित्तीय सेवा कारोबार के विकास और विस्तार का 18 साल से अधिक का अनुभव है। इस भूमिका में वह इंडिगो ब्लूचिप और रिवॉर्ड इकोसिस्टम का विस्तार करने और एयरलाइन के ट्रैवल मार्केटप्लेस तथा वित्तीय सेवा कारोबार को बढ़ाने के लिए जिम्मेदार होंगे।
इंडिगो के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विली वॉल्श ने कहा, “जैसे-जैसे इंडिगो अपने बदलाव के सफर पर आगे बढ़ रही है, ग्राहकों के लिए यात्रा और उससे आगे तक गहरा जुड़ाव बनाना और भी जरूरी हो जाएगा। लॉयल्टी और वित्तीय सेवा कारोबार में व्यापक अनुभव के साथ, मुझे भरोसा है कि गौरव इंडिगो में इन अहम कामों को आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। आने वाले वर्षों में जब इंडिगो एक बड़े स्तर की वैश्विक विमान सेवा कंपनी के तौर पर विकसित होगी, तो उनकी विशेषज्ञता एक अहम भूमिका निभाएगी।”
अपनी नियुक्ति पर टिप्पणी करते हुए श्री हजरती ने कहा, “इंडिगो एक ऐसे महत्वाकांक्षी भारत की भरोसेमंद पसंद बन गई है जो अधिक उड़ान भर रहा है, अधिक खर्च कर रहा है और अधिक उम्मीदें रखता है। मेरा काम उस भरोसे को एक ऐसे कंज्यूमर प्लेटफ़ॉर्म में बदलना है जहां हम ग्राहकों के लिए लॉयल्टी, मार्केटप्लेस और वित्तीय सेवा को एक साथ ला सकें।”
श्री हजरती ने इससे पहले टाटा पेमेंट्स लिमिटेड के कार्यकारी अधिकारी और निदेशक, टाटा डिजिटल में वित्तीय सेवा के अध्यक्ष और टाटा फिनटेक लिमिटेड के निदेशकमंडल में गैर-कार्यकारी निदेशक के तौर पर काम किया है। अपने करियर की शुरुआत में वह एक्सिस बैंक के ब्रोकिंग कारोबार ‘एक्सिस डायरेक्ट’ की शुरुआती टीम का हिस्सा थे। इसके बाद उन्होंने इंडसइंड बैंक में भी काम किया था।
