लघु उद्योग भारती का टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026 राजधानी में गुरुवार को , टेक्सटाइल विजन-2047 पर होगा मंथन

नयी दिल्ली, 30 सितम्बर (वार्ता) देश भर में सूक्ष्म , लघु एवं मझोले उद्यम क्षेत्र के हितों के संरक्षण-संवर्धन के लिए काम करने वाले अखिल लघु उद्योग भारती की ओर से राजधानी में गुरुवार को कपड़ा क्षेत्र पर राष्ट्रीय सम्मेलन ‘टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026’ का आयोजन किया जा रहा है जिसमें ‘टेक्सटाइल विजन-2047 के अंतर्गत “स्थानीय उत्कृष्टता से वैश्विक नेतृत्व की ओर” विषय पर सरकार और उद्योग जगत के प्रतिनिधि संवाद करेंगे।

लघु उद्योग भारती के टेक्सटाइल उत्पाद समूह के राष्ट्रीय संयोजक महेश हुरकट ने बुधवार को यहां संगठन के मुख्यालय पर संवाददाता सम्मेलन में बताया कि कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित इस सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि होंगे। वह भारतीय टेक्सटाइल उद्योग की विकास यात्रा, प्रतिस्पर्धात्मकता एवं वैश्विक स्थिति पर नीतिगत दृष्टिकोण प्रस्तुत करेंगे।

उद्घाटन सत्र को वाणिज्य एवं उद्योग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री जितिन प्रसाद और टेक्सटाइल कमिश्नर वृंदा मनोहर देसाई भी संबोधित करेंगे। लघु उद्योग भारती के उत्पाद समूह के अध्यक्ष घनश्याम ओझा उत्पाद समूहों के माध्यम से उद्योगों के संगठन एवं सशक्तिकरण पर प्रकाश डालेंगे।

श्री हुरकट ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भारतीय टेक्सटाइल उद्योग, विशेषकर एमएसएमई और टेक्सटाइल क्लस्टरों को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी, टिकाऊ एवं आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए एक व्यावहारिक और उद्योग-आधारित रोडमैप तैयार करना है।

लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय महासचिव ओमप्रकाश गुप्ता ने कहा कि संगठन एमएसएमई सेक्टर के कल्याण और उनकी समस्याओं के ठोस समाधान के साथ नीति निर्माण, टेक्नोलॉजी ट्रांसफर, स्किल डेवलपमेंट, स्वरोजगार के प्रकल्प, डिजिटल मार्केटिंग, क्वॉलिटी प्रोडक्ट और कोस्टिंग जैसे विषयों पर लघु उद्यमियों को प्रशिक्षण देने जैसे काम कर रहा है।

उन्होंने बताया कि आने वाले समय में संगठन की ओर से देश के सौ स्थानों पर कौशल विकास केंद्रों का संचालन संगठन की ओर से किया जाएगा।

Next Post

खनन क्षेत्र पर नवंबर आयोजित किये जाने वाले अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा में 19 देशों के प्रतिनिधि हुए शामिल

Wed Sep 30 , 2026
नयी दिल्ली, 30 सितंबर (वार्ता) केंद्र सरकार द्वारा राजधानी में नवंबर में आयोजित किये जाने वाले खनन और खनिज क्षेत्र पर आयोजित देश के सबसे बड़े सम्मेलन-सह-प्रदर्शनी कार्यक्रम – इंडिया माइनिंग वीक 2026 के सिलसिले में यहां ‘इंडिया माइनिंग: ग्लोबल कनेक्ट’ आयोजित किया गया। कोयला मंत्रालय की बुधवार को जारी […]

You May Like