नयी दिल्ली, 30 सितंबर (वार्ता) केंद्र सरकार द्वारा राजधानी में नवंबर में आयोजित किये जाने वाले खनन और खनिज क्षेत्र पर आयोजित देश के सबसे बड़े सम्मेलन-सह-प्रदर्शनी कार्यक्रम – इंडिया माइनिंग वीक 2026 के सिलसिले में यहां ‘इंडिया माइनिंग: ग्लोबल कनेक्ट’ आयोजित किया गया।
कोयला मंत्रालय की बुधवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस संवाद सत्र में 19 देशों के राजनयिक मिशनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह आयोजन कोयला मंत्रालय और खान मंत्रालय द्वारा खनन उद्योग के सहयोग से 15-17 नवंबर को राजधानी के प्रदर्शनी और सम्मेलन स्थल यशोभूमि में आयोजित होने वाले इंडिया माइनिंग वीक 2026 की तैयारियों के हिस्से के रूप में किया गया था।
इस संवाद सत्र की मेजबानी कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे और कोयला मंत्रालय की अपर सचिव रुपिंदर बराड़ ने की। इसमें भाग लेने वाले राजनयिक मिशनों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने खनन एवं खनिज इकोसिस्टम के हितधारकों के साथ मिलकर इंडिया माइनिंग वीक 2026 में इच्छुक देशों के साथ सहभागिता के अवसरों पर चर्चा की।
श्री दुबे ने इंडिया माइनिंग वीक 2026 में वैश्विक खनन समुदाय से सक्रिय सहयोग और भागीदारी का आह्वान किया। उन्होंने भागीदार देशों को प्रमुख खनन कंपनियों, बड़े निवेशकों और प्रतिष्ठित प्रतिनिधियों की भागीदारी को सुगम बनाने के लिए आमंत्रित किया और इस बात पर जोर दिया कि इस तरह की भागीदारी पारस्परिक रूप से लाभकारी होगी और खनन एवं खनिज क्षेत्र में सहयोग के अवसरों को और मजबूत करेगी।
