
सिंगरौली: जिले में इन दिनों मौसमी बीमारियों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। बुखार, डायरिया, सर्दी-खांसी जैसी जल जनित बीमारियों से लोग बड़ी संख्या में प्रभावित हो रहे हैं। जिला चिकित्सालय सह ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। दोपहर तक ही ओपीडी में 873 मरीज पंजीबद्ध हो चुके थे और शाम तक यह आंकड़ा हज़ार के पार पहुंचेगा।
सबसे अधिक मरीज बुखार और डायरिया से पीड़ित हैं। लेकिन अस्पताल में दोपहर 1 बजे के बाद अधिकतर चिकित्सक ओझल हो जाते हैं। यहां तक कि कई डॉक्टर मरीजों को अस्पताल में जांच के बाद अपने क्लीनिक पर बुला लेते हैं, जिससे मरीजों का आर्थिक शोषण हो रहा है।
कलेक्टर चन्द्रशेखर शुक्ला ने अस्पताल की व्यवस्था सुधारने के लिए तीन डिप्टी कलेक्टरों को नोडल अधिकारी बनाया है, फिर भी अस्पताल की स्थिति में कोई खास सुधार नहीं दिख रहा है। मरीजों की भीड़ से बेड भी कम पड़ने लगे हैं।
