इंदौर में हर दिन 29 साइबर ठगी की शिकायतें, औसतन 25 लाख की चपत

इंदौर. साइबर ठगों का जाल किस तेजी से फैल रहा है, इसका अंदाजा क्राइम ब्रांच में पहुंचे आंकड़ों से लगाया जा सकता है. वर्ष 2026 के पहले आठ महीनों में करीब 7 हजार शिकायतें मिलीं. यानी औसतन हर दिन 29 शिकायतें और करीब 25 लाख रुपये की ठगी का आंकड़ा सामने आया.

इन शिकायतों में ठगी गई रकम 60 करोड़ रुपए से अधिक है. रकम बचाने के लिए क्राइम ब्रांच की फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीमों ने तेजी से कार्रवाई की और 400 से ज्यादा शिकायतों में 5 करोड़ 90 लाख 4 हजार 685 रुपए पीड़ितों को वापस कराए.

रिफंड के आंकड़े में जुलाई सबसे आगे रहा. इस महीने 1 करोड़ 50 लाख 20 हजार 425 रुपए वापस कराए गए, जबकि अगस्त में 1 करोड़ 14 लाख 87 हजार 333 रुपए की रकम पीड़ितों तक पहुंचाई गई.

10 हजार खाते फ्रीज, ठगों के नंबर भी ब्लॉक

ठगी की रकम के लेन देन में इस्तेमाल 10 हजार से ज्यादा बैंक खातों को फ्रीज या लियन कराया है. ऑनलाइन फ्रॉड में इस्तेमाल 80 से ज्यादा मोबाइल नंबर और 15 से ज्यादा मोबाइल के आईएमईआई भी ब्लॉक कराए. साइबर ठगों ने सोशल मीडिया को भी बड़ा हथियार बना लिया है. क्राइम ब्रांच ने हैक किए गए फेसबुक और इंस्टाग्राम के 250 से ज्यादा खाते रिकवर कराए, जबकि लोगों के नाम और फोटो का दुरुपयोग कर बनाए गए 350 से ज्यादा फर्जी खाते ब्लॉक कराए.

डिजिटल अरेस्ट से एआई तक बदले ठगी के तरीके…

अब ठगी सिर्फ बैंक अधिकारी बनकर फोन करने तक सीमित नहीं है. निवेश और टास्क के नाम पर ठगी के साथ फर्जी लोन ऐप, बिजली बिल, डिजिटल अरेस्ट और बैंकिंग फ्रॉड के मामले सामने आ रहे हैं. एआई डीपफेक और वॉयस क्लोनिंग के जरिए परिचित की आवाज या चेहरा बनाकर भी लोगों से पैसे मांगे जा रहे हैं. 200 से ज्यादा अन्य शिकायतों में करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए की राशि वापस कराने के लिए न्यायालय से आदेश प्राप्त कर संबंधित बैंकों को भेजे जा चुके हैं. सूत्रों का कहना है कि साइबर ठगी की सूचना तत्काल देने पर रकम को सुरक्षित कराने की संभावना बढ़ जाती है.

जागरूकता अभियान : दंडोतिया

एडीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि साइबर अपराध से बचाव के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, लोगों को समझ से काम लेना चाहिए. किसी भी प्रकार के लालच या डर में न आए.

Next Post

बैढ़न में रेत के कारोबार ने पकड़ा जोर

Wed Sep 9 , 2026
सिंगरौली। कोतवाली क्षेत्र में एक बार फिर से अवैध रेत कारोबारियों को पुलिस कर्मी का संरक्षण मिला है। आरोप है कि पुलिस अधिकारियों को अंधेरे में रख कर अवैध रेत कारोबारियों को छूट दे रखा है। जहां आज बुधवार को देवरा से अल सुबह गनियारी मार्ग में आधा दर्जन ट्रैक्टर […]

You May Like