
ग्वालियर। चीता देखने की चाहत रखने वाले वन्यजीव प्रेमियों और पर्यटको के लिए अच्छी खबर है. वे अब कूनो नेशनल पार्क में स्वछन्द विचरण करते चीतों को हेलीकॉप्टर से भी देखने का रोमांच ले सकेंगे. जल्द ही ग्वालियर से कुनो राष्ट्रीय उद्यान के बीच पर्यटकों के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू होने वाली है. संभावना है कि प्रदेश में ऐसी सुविधाओं की शुरुआत दीवाली से ही हो जाए.
जल्द ही ग्वालियर पहुंचने वाले देशी-विदेशी सैलानी कूनो और खजुराहो तक हेलीकॉप्टर से पहुंच सकेंगे. वह भी महज 2 से 3 हजार रुपए में. इससे श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क सहित प्रदेश के 50 से अधिक पर्यटन स्थल 4 बड़े शहरों से जुड़ेंगे. ग्वालियर से कूनो के हवाई सफर के लिए महज 2000 रुपए खर्च करने होंगे. जबकि अभी ग्वालियर से टैक्सी लेकर वहां पहुंचते है. जिसमें पूरे दिन का समय और तीन से चार हजार रुपये टैक्सी का किराया लगता है.अब शुरू होने जा रही इस हेलीकाप्टर सेवा के लिए 6 से 12 सीटर हेलीकॉप्टर होंगे और यह 100 से 250 किमी की दूरी तय करेंगे.
