
ग्वालियर। ग्वालियर शहर में आज दोपहर से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन ठप हो गया है। शहर के कई इलाकों में पानी भर गया। सड़कों पर वाहनों के पहिए पानी में डूबते नजर आए, वहीं निचली बस्तियों में घरों में पानी भर गया। नदियों के साथ-साथ नालियां भी तेजी से बहने लगीं हैं। स्थिति इतनी खराब हो गई है कि पानी में बाइकें तक पूरी तरह डूब गईं थी। शहर की बिजली भी गुल हो गई है। बारिश का सिलसिला शाम तक रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
शहर के रॉक्सी पुल अंडरब्रिज में पानी भर गया। जिससे कई कारें बीचों-बीच बंद होकर पानी में फंस गई। शताब्दीपुरम, आदित्यपुरम, डीडी नगर, लधेड़ी, श्रीनगर कॉलोनी, नदी पार टाल, नारायण विहार और सिरोल रोड की निचली बस्तियों में पानी भर गया है। इसके अलावा रॉक्सी पुल, न्यू जीवाजी नगर, सिटी सेंटर सहित शहर की अन्य कॉलोनियों और गली-मोहल्लों में भी जलभराव हो गया है। लोगों का कहना है कि बारिश होते ही गली, मोहल्ले और कॉलोनियों में हर बार ऐसे ही हालात हो जाते हैं।
