
ब्यावरा। प्राय: अनेक जगह देखने में आता है कि विद्युत के पोल और तार काफी नीचे तक झूलते रहते है. जिसके कारण हर समय खतरा बना रहता है. ऐसी ही समस्या सुठालिया क्षेत्र के ग्राम रतनपुरिया, अमरगढ़ खंडिया में देखी जा सकती है. झूलते तारों की चपेट में आने से पूर्व में कई जानवरों का प्राणांत हो चुका है.
ग्राम अमरगढ़ खंडिया के ग्रामीणजनों द्वारा विद्युत विभाग को आवेदन देकर झूल रहे विद्युत पोल, तारो को ठीक करने की बात कही है.
आवेदन में कहा है कि ग्राम अमरगढ़ खंडिया में तीन विद्युत के पोल क्षतिग्रस्त है. जिसके कारण तार काफी नीचे की और झूल रहे है, जिससे हर समय खतरा बना रहता है. पूर्व में कई जानवरों को करंट लग चुका है. विद्युत विभाग से जल्द से जल्द इन झूलते पोल, तारों को ठीक करने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना होने से बच जाये. पंचायत के सरपंच सहित ग्रामीणजनों के द्वारा एक हस्ताक्षरयुक्त आवेदन विद्युत विभाग के अधिकारी को दिया है.
पूर्व में हो चुकी घटना
जानकारी के अनुसार पूर्व में ग्राम अमरगढ़ खंडिया में झूलते विद्युत तारों की चपेट में आने से कई जानवर का प्राणांत हो चुका है. विगत दिवस समीपस्थ ग्राम रतनपुरिया में झूलते तारों की चपेट में आने से तीन भैंस की मौत हो गई थी.
