
दमोह.जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गंजबरखेरा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया. मिट्टी की खदान धसकने से एक 17 वर्षीय किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा सुबह करीब 11 बजे उस समय हुआ. जब गांव के कुछ बच्चे दीपावली की तैयारी के लिए घरों की छपाई हेतु मिट्टी लेने के लिए खदान पर गए थे.स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, बच्चे मिट्टी खोद रहे थे. तभी अचानक खदान की मिट्टी भरभरा कर गिर गई और तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए. हादसे की आवाज सुनते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल ग्रामीणों की मदद से मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला गया.लेकिन तब तक मेनका पिता कलू लोधी उम्र 18 वर्ष निवासी गंजबरखेरा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो चुकी थी. वहीं रामकली पिता लखन उम्र 10 वर्ष और बासुदेव पिता विनय दुबे उम्र 15 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए. दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी बटियागढ़ भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.सूचना मिलते ही तहसीलदार योगेंद्र चौधरी, फुटेरा चौकी प्रभारी आनंद कुमार व बटियागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटियागढ़ भेजा गया. इस हादसे से पूरे गांव में मातम छा गया है.ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि खदान क्षेत्र में सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की कोई दुर्घटना न हो.ग्रामीणों का कहना है कि दीपावली के समय घरों में रंगाई-पुताई के लिए हर साल बच्चे और महिलाएं मिट्टी लेने जाती हैं, लेकिन सुरक्षा इंतज़ाम न होने के कारण यह बड़ी दुर्घटना घटित हुई है.पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
