दक्षिण कोरिया के इंचियोन हवाई अड्डे पर बनेगा स्टार अलायंस का लाउंज

नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) इंचियोन इंटरनेशनल एयरपोर्ट कॉर्पोरेशन (आईआईएसी) और विमान सेवा कंपनियों के सबसे बड़े वैश्विक संगठन स्टार अलायंस ने दक्षिण कोरिया की राजधानी सोल स्थित इंचियोन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे टर्मिनल-1 पर स्टार अलायंस लाउंज बनाने के लिए मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये।

भारत में एयर इंडिया स्टार अलायंस का सदस्य है। वह दिल्ली से इंचियोन के लिए वाइड-बॉडी बोइंग 787 विमानों से दो नॉन-स्टॉप उड़ानें संचालित करती है।
एयर इंडिया ने मंगलवार को बताया कि इस समझौते से स्टार अलायंस की सदस्य एयरलाइंस के यात्रियों को निर्बाध रूप से इंचियोन हवाई अड्डे पर लाउंज सेवा मिलती रहेगी। अभी दक्षिण कोरिया में एशियाना एयरलाइंस स्टार अलायंस का सदस्य है और सभी सदस्य एयरलाइंस के पात्र यात्री इंचियोन हवाई अड्डे पर उसी के लाउंज का उपयोग कर रहे हैं। उसका 16 दिसंबर 2026 को कोरियन एयर के साथ एकीकरण हो रहा है जिसके बाद वह स्टार अलायंस से अलग हो जायेगी। इसलिए इस एमओयू की जरूरत हुई।

करार के तहत, टर्मिनल-1 में मौजूद एशियाना एयरलाइंस बिजनेस लाउंज (वेस्ट) को स्टार अलायंस लाउंज में बदल दिया जाएगा। उम्मीद है कि यह लाउंज 16 दिसंबर से काम करना शुरू कर देगा।

स्टार एलायंस में ग्राहक अनुभव की उपाध्यक्ष अंबर फ्रेंको ने कहा, “इंचियोन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा स्टार एलायंस के लिए एक अहम गेटवे है, जहां कई सदस्य विमान सेवा कंपनियां काम करती हैं। आईआईएसी के साथ यह साझेदारी ग्राहकों को लगातार बेहतरीन अनुभव देने की हमारी साझा प्रतिबद्धता को दिखाती है। हमें दुनिया के प्रमुख हवाई अड्डों में से एक पर स्टार एलायंस लाउंज बनाने पर गर्व है।”

इंचियोन अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निगम के मुख्य परिचालन अधिकारी किम चांग-ग्यू ने कहा, “यह करार इंचियोन हवाई अड्डे का इस्तेमाल करने वाले यात्रियों को स्थिर और उच्च गुणवत्ता वाली सेवा देने की हमारी कोशिशों का हिस्सा है, खासकर एशियाना एयरलाइंस और कोरियन एयर के एकीकरण जैसे बड़े बदलावों के बीच। हम परिचालन और सुविधाओं के मामले में पूरा समर्थन देना जारी रखेंगे ताकि स्टार अलायंस की सदस्य विमान सेवा कंपनियां इंचियोन हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 से अपने अलग-अलग नेटवर्क का विस्तार कर सकें और ग्राहकों को बेहतरीन सेवा दे सकें।”

Next Post

जियो-बीपी और डीआरआईवीएन मिलकर देश भर में वाणिज्यिक इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए बनाएंगे चार्जिंग नेटवर्क

Tue Sep 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 सितंबर (वार्ता) इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) के लिए चार्जिंग सेवा और समाधान देने वाली प्रमुख कंपनी जियो-बीपी ने डीआरआईवीएन के साथ मिलकर देश भर में चार्जिंग नेटवर्क तैयार करने के लिए एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये हैं। जियो-बीपी रिलायंस इंडस्ट्रीज और बीपी के संयुक्त उपक्रम रिलायंस […]

You May Like