इंदौर: अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खजराना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्प्राजोलम टैबलेट की तस्करी में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 590 प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टैबलेट और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत करीब 61 हजार 700 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, खजराना क्षेत्र में बड़े मदरसा के सामने तलाई के पास एक संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहा था, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अल्प्राजोलम टैबलेट मिलीं, जिनके संबंध में वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह खुद नशे का आदी है और सस्ते दामों पर टैबलेट खरीदकर अन्य नशेड़ियों को महंगे दामों पर बेचता था।
यह टैबलेट वह अपने ससुराल टोंक (राजस्थान) से लाता था। आरोपी की पहचान सादान पिता वाहिद लाहौरी, उम्र 29 वर्ष, निवासी खजरानी काकड़, इंदौर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना खजराना में अपराध क्रमांक 1037/25 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी से नशे के नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
