
भैरुंदा। भूराखेड़ा गांव के पास अंबर नदी किनारे मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने 12 घंटे में अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के मृतक के साथ अवैध संबंध होने की शंका के चलते वारदात को अंजाम देना कबूल किया है. आरोपी ने मृतक के सिर पर पत्थर से कई वार कर उसकी हत्या कर दी थी. जानकारी के अनुसार 3 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि भूराखेड़ा गांव के पहले अंबर नदी के पास एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है. पुलिस मौके पर पहुंची. मृतक की पहचान मुकेश उर्फ पप्पू बारेला के रूप में हुई. मृतक के भाई संतोष बारेला पिता रेलसिंह बारेला निवासी भूराखेड़ा हाल मंजाखेड़ी थाना गोपालपुर की रिपोर्ट पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी. पुलिस ने संदेह के आधार पर विनोद बारेला पिता नंदराम बारेला निवासी खामखेड़ा थाना बिलकिसगंज हाल निवासी भूराखेड़ा को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ में आरोपी ने वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि उसे अपनी पत्नी के मृतक मुकेश बारेला के साथ अवैध संबंध होने का संदेह था. इसी संदेह के चलते उसने घटना वाले दिन मुकेश के सिर पर पत्थर से कई वार कर उसकी हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
