ईरान पर हमला होर्मुज जलडमरूमध्य में बारुदी सुरंग बिछाने से रोकने के लिए किया गया-सेंटकॉम

वाशिंगटन 31 अगस्त (वार्ता) अमरीकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने दावा किया है कि ईरान पर हालिया हमले का उद्देश्य ईरानी सेना को होर्मुज जलडमरूमध्य में बारुदी सुरंग बिछाने से रोकना था।

सेंटकॉम ने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के उस दावे को खारिज कर दिया जिसमें कहा गया था कि होर्मुज जलडमरूमध्य में हुए हमले “आक्रामकता की कार्रवाई” थे।

सेंटकॉम ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “दावा: ईरान के आईआरजीसी ने हाल ही में एक बयान में दावा किया कि आईआरजीसी को होर्मुज जलडमरूमध्य में बारुदी सुरंग बिछाने से रोकने के लिए अमेरिकी सेना द्वारा किए गए हमले ‘आक्रामकता की कार्रवाई’ थे। यह दावा पूरी तरह से गलत है।”

सेंटकॉम ने एक्स पर कहा “तथ्य: अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में तत्काल खतरा पैदा करने वाली आईआरजीसी की सुरंग बिछाने वाली सेना के खिलाफ सीमित और सटीक कार्रवाई की। असल में, ईरान ने खतरा पैदा किया और अमेरिकी सेना ने नागरिक नाविकों, व्यापारिक जहाजों और वैश्विक व्यापार के निर्बाध प्रवाह की रक्षा के लिए इसे खत्म कर दिया।”

कमांड का दावा है कि हमले का उद्देश्य व्यापारिक परिवहन और व्यापार के निर्बाध प्रवाह की रक्षा करना था।

एक्सियोस के पत्रकार बराक राविद ने एक अज्ञात अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि अमेरिका ने लराक द्वीप पर ईरानी मिसाइल लॉन्चरों पर हमला किया था।

इससे पहले, फार्स समाचार एजेंसी ने खबर दी थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरानी द्वीप लराक पर कई धमाकों की आवाज सुनी गई थी।

इसके बाद, प्रेस टीवी ने खबर दी कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी जहाजों और पश्चिमी एशिया में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइलें दागी थीं।

 

 

Next Post

चार इलाकों से ऑटो चुराने वाला शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

Mon Aug 31 , 2026
इंदौर:शहर में सवारी ऑटो चोरी करने वाले एक शातिर वाहन चोर को चंदन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर चंदन नगर, आजाद नगर और जूनी इंदौर थाना क्षेत्रों से चोरी किए चार ऑटो रिक्शा बरामद हुए हैं. जब्त वाहनों की कीमत करीब आठ लाख रुपए बताई […]

You May Like