
भानपुरा। भानपुरा नगर के समाजसेवी एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में सेवारत शिक्षक यशवंत कुमार दुबे ने अपनी 39 वर्ष की शासकीय सेवा देने के उपरांत सेवानिवृत्ति के अवसर पर शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की 653 छात्राओं को स्नेहभोज करवा कर मानवता की एक मिसाल पेश की है। शिक्षक यशवंत कुमार दुबे शासकीय सेवा के 39 वर्ष पूर्ण कर दिनांक 31 जनवरी को सेवानिवृत हुए हैं। ज्ञात हो कि यशवंत कुमार दुबे कई वर्षों से सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भी अपनी सेवाएं प्रदान करते रहते हैं एवं अनेक वर्षों से नगर के श्री हरि ओम गणेश उत्सव सेवा समिति में भी गणेश उत्सव पर्व पर बढ़ चढकऱ अपनी सेवाएं प्रदान करते हैं। नगर में सेवानिवृत्ति पर पहली बार इतने बड़े आयोजन के लिए लगातार शिक्षक यशवंत कुमार दुबे की सराहना की जा रही है। शिक्षक यशवंत कुमार दुबे के इस सराहनीय कार्य पर प्राचार्य गुलाम मोहम्मद शेख, विद्यालय के शिक्षक जीतू कुमार, वीरेंद्र लोहार, ज्योति जोशी, नीतू वाधवा, दितिशा शर्मा, ज्योति धाकड़ , किरण भाना, शीतल जैन, महेश सैनी, महेन्द्र प्रजापति, दीपेश नहकम, आकाश गौतम सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाओं और इष्ट मित्रों ने शुभकामनाएं प्रेषित की है। इस अवसर पर शिक्षक यशवंत कुमार दुबे ने कहा कि मां दुर्गा रूपी कन्याओं को भोजन करवा कर अत्यंत आनंद महसूस कर रहा हूं, लोगों को हमेशा समाज सेवा और मानव सेवा में अग्रणी रहना चाहिए।
