चार इलाकों से ऑटो चुराने वाला शातिर वाहन चोर गिरफ्तार

इंदौर:शहर में सवारी ऑटो चोरी करने वाले एक शातिर वाहन चोर को चंदन नगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की निशानदेही पर चंदन नगर, आजाद नगर और जूनी इंदौर थाना क्षेत्रों से चोरी किए चार ऑटो रिक्शा बरामद हुए हैं. जब्त वाहनों की कीमत करीब आठ लाख रुपए बताई जा रही है, आरोपी नशे की लत पूरी करने और कर्ज चुकाने के लिए वाहन चोरी करता था. उस पर पहले से शहर के अलग-अलग थानों में करीब छह अपराध दर्ज हैं.

पुलिस को गुरुवार 20 अगस्त को नूरानी नगर मेन रोड स्थित रॉयल रेसीडेंसी के पास से ऑटो रिक्शा चोरी होने के मामले में आरोपी की तलाश थी. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि चोरी करने वाला संदिग्ध स्कीम नंबर 71 की झोपड़पट्टी के पास मौजूद है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. पूछताछ में उसकी पहचान फरीद पिता चांद खान उम्र 28 वर्ष, निवासी अशरफी नगर, खजराना, हाल निवासी सनावद, जिला खरगोन के रूप में हुई. पूछताछ में आरोपी ने चार ऑटो चोरी करना स्वीकार किया. इनमें 20 अगस्त को नूरानी नगर मेन रोड से चोरी किया ऑटो नम्बर एमपी 09 आर 8140, ग्रीन पार्क से चोरी किया एमपी 09 आर 5798, आजाद नगर क्षेत्र से चोरी किया एमपी 09 आरए 3510 और जूनी इंदौर की नूरी कॉलोनी से चोरी किया एमपी 09 आर 6958 शामिल हैं.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चारों ऑटो बरामद कर लिए. जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ खजराना, आजाद नगर, चंदन नगर और जूनी इंदौर थानों में पहले से करीब छह अपराध दर्ज हैं. पुलिस अब उसके पुराने मामलों और चोरी के अन्य वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है. मामले में एडिशनल डीसीपी, दिशेष अग्रवाल ने नव भारत को बताया कि आरोपी को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. उसके पूर्व के अपराधों और वर्तमान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है. चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी.

कबाड़ी तक पहुंचने की कोशिश
पुलिस को पूछताछ में यह भी पता चला है कि आरोपी चोरी के कुछ ऑटो कबाड़ियों को बेचने की फिराक में था. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने में कौन लोग उसकी मदद कर रहे थे. पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर उससे अन्य वाहन चोरी, चोरी और नकबजनी की वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है, आशंका है कि पूछताछ में वाहन सहित अन्य चोरियों के संबंध में भी जानकारी मिल सकती है

Next Post

अमेरिका ईरान के साथ लेन-देन करने वाले बैंक पर लगाएगा प्रतिबंध-बेसेंट

Mon Aug 31 , 2026
वॉशिंगटन, 31 अगस्त (वार्ता) अमेरिका इस हफ़्ते ईरान से जुड़े लेन-देन के लिए एक बैंक पर प्रतिबंध लगाएगा। अमरीकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने रविवार को यह बात कही। श्री बेसेंट ने कहा, “अगर ज़रूरत पड़ी तो हम आर्थिक कार्रवाई करेंगे।” “हम लोगों को दिखा रहे हैं कि हमें पता […]

You May Like