रीवा: जिले की गुढ़ तहसील के बंजारी गांव के पास बहुती कैनाल की नहर अचानक टूटने से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। नहर का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के बाद पानी के तेज बहाव और मिट्टी के कटाव के कारण नहर के समानांतर गुजरने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह बह गई। सड़क टूटने से आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों का संपर्क प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक यह सड़क क्षेत्र के लोगों के लिए मुख्य मार्ग है, जिससे रोजाना बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। पिछले तीन दिनों से सड़क और रास्ता बाधित होने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी सिंचाई विभाग और जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से मरम्मत का काम शुरू नहीं कराया गया है। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने जल संसाधन विभाग और रीवा जिला प्रशासन से नहर के पानी के बहाव को तुरंत नियंत्रित करने, टूटी नहर और मुख्य सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि आवागमन दोबारा शुरू हो सके।
