जबलपुर : बचा लो भैया… प्लीज बचा लो! ये एक लाचार और बेबस मुस्कान की वो आखिरी चीखें थीं, जो गोहलपुर थाना अंतर्गत कृषि उपज मंडी गेट के सामने स्थित महफिल बार के किचन की दीवारों से टकराकर दम तोड़ गईं। 20 साल की जिस युवती ने अपने परिवार का सहारा बनने के लिए घर से कदम बाहर निकाला था उसे क्या पता था कि उसके साथ काम करने वाला कुक ही जल्लाद बन जाएगा। इस खौफनाक हत्याकांड का सोमवार को सीसीटीव्ही फुटेज सामने आया है।
इस पूरी वारदात में रूह को कंपा देने वाला मंजर तब सामने आया, जब आरोपी युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर रहा था। उस वक्त महज दो कदम की दूरी पर एक और कर्मचारी खड़ा था। लहूलुहान हालत में दर्द से कराहती हुई मुस्कान उसे भैया कहकर पुकारती रही, अपनी जिंदगी की भीख मांगती रही। चीखती चिल्लाती, गिड़गिड़ाती रही लेकिन अफसोस, उस सहकर्मी ने हिम्मत नहीं दिखाई कि वह कातिल को रोक सके। युवती की चीखें भी उसके सोए हुए जमीन को जगा नहीं सकीं। कातिल का हाथ पकडऩे की हिम्मत दिखाना तो दूर, उसने उसे तड़पते समय बेरुखी से अपना मुंह फेर लिया और चुपचाप वहां से निकल गया।
हैवानियत की सारी हदें तो तब पार हो गईं, जब मुस्कान को मौत की नींद सुलाने के बाद आरोपी के चेहरे पर न तो कोई पछतावा था, न डर और न ही कोई शिकन। जिस जमीन पर कुछ लम्हे पहले खून बहा था, चीखे गूंज रही थी वहीं पास में खड़े होकर सनकी कातिल चूल्हे पर रोटियां सेक रहा था। कैमरे में कैद उसकी यह भयानक मानसिक क्रूरता रोंगटे खड़े कर देने वाली रही। ऐसा लगा मानो उसके लिए किसी की जान की कोई कीमत ही नहीं थी। जब तक बार का बाकी स्टाफ किचन में पहुंचा, तब तक युवती की सांसें टूट चुकी थीं। पुलिस ने आरोपी कुक पवन बर्मन को भले ही गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है लेकिन पुलिस की यह कार्रवाई उस परिवार की खुशियां दोबारा नहीं लौटा सकती है जो हंसते-खेलते परिवार ने खो दी है।
हंसी-मजाक में छींटाकशी पर हुई थी हत्या
विदित हो कि उडऩा पौड़ी पाटन निवासी मुस्कान चौधरी 20 वर्ष की कृषि उपज मंडी गेट के सामने स्थित महफिल बार में लगभग डेढ़ माह से काम करती थी। प्रतिदिन सुबह लगभग 10 बजे महफिल बार में काम करने बस से जाती थी और शाम लगभग 7-30 बजे बस से वापस आती थी 14 अगस्त की शाम लगभग 7 बजे मुस्कान के साथ में काम करने वाले पवन बर्मन 27 वर्ष निवासी आईटीआाई माढोताल के बीच हंसी मजाक के दौरान छींटाकशी करने की बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद पवन ने किचन में रखे चाकू से मुस्कान पर कई वार किए और उसकी हत्या कर दी थी। हत्या के विरोध में शनिवार को दीनदयाल चौक में मृतिका का शव रखकर प्रदर्शन भी हुआ था। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच दूसरे थाने की पुलिस से कराने और आरोपी और बार संचालक पर कार्रवाई समेत पीडि़त परिवार को मुआवजे की मांग की थी। सोमवार को इस हत्याकांड का खौफनाक सीसीटीव्ही फुटेज सामने आया है।
कहीं सुरक्षित नहीं बेटियां
महिलाओं, बेटियों की सुरक्षा को लेकर भले ही लाख दावे किए जाते रहे हो लेकिन हकीकत में बेटियां कहीं भी सुरक्षित नहीं है। इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर गवाही दे डाली है कि चाहे घर हो या कार्यस्थल या फिर सडक़ बेटियां कहीं सुरक्षित नहीं है।
