
झाबुआ। शासन के निर्देशानुसार समस्त विभागीय योजनाओं, सेवाओं ई-केवाईसी सत्यापित समग्र आईडी को अनिवार्य किया गया है। प्रदेश में 1 अप्रैल से 31 मई तक विशेष ई-केवायसी अभियान चलाया जा रहा है। प्रदेश के समस्त जिलों में समग्र पोर्टल पर नागरिकों के समग्र आईडी का आधार से ई-केवायसी सत्यापन कराया जाना एवं शत प्रतिशत पंजीकृत नागरिकों का ई-केवायसी पूर्ण करना लक्षित है। शासन के प्राथमिकता पर समग्र ई केवायसी को पूर्ण करने हेतु कलेक्टर नेहा मीना द्वारा समस्त पंचायतों में विशेष शिविर आयोजित किए जाने के निर्देश दिये गए थे। 15 अप्रेल को कलेक्टर नेहा मीना द्वारा जनपद पंचायत रामा की ग्राम पंचायत छापरी (कालीदेवी) में ई-केव्हायसी के निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव रामसिंह मावी ग्राम पंचायत छापरी (कालीदेवी) ग्राम पंचायत कार्यालय में बिना किसी पूर्व सूचना एवं अनुमति के अनुपस्थित पाये गए। कलेक्टर द्वारा पंचायत सचिव रामसिंह मावी ग्राम पंचायत छापरी (कालीदेवी) जनपद पंचायत रामा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में मावी का मुख्यालय मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत रामा नियत किया गया हैं।
साथ ही छापरी ग्राम पंचायत में निरीक्षण के दौरान समग्र ई केवायसी कैम्प में जीआरएस के अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित पाये जाने पर कलेक्टर ने जीआरएस का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।
