भोपाल, 23 अप्रैल (वार्ता) मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में एक मासूम बच्ची से दुष्कर्म के प्रयास और उसकी नृशंस हत्या के मामले में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त होने का आरोप लगाया है।
श्री पटवारी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि बच्ची के साथ जिस प्रकार की बर्बरता हुई है, उसके बारे में सुन कर ही सिहर उठते हैं। प्रदेश में सरकार नामक व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है और कानून/कायदे बेअसर हैं।
छतरपुर जिले के बड़ामलहरा क्षेत्र में आठ साल की मासूम बच्ची के साथ उसके पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने दरिंदगी का प्रयास किया और बाद में उसकी बेहद नृशंसता से हत्या कर दी। आरोपी मंगलवार की देर शाम बच्ची को चॉकलेट देने के बहाने अपने साथ ले गया था। इसी दौरान उसने वारदात को अंजाम दिया। पूरा मामला बच्ची के घर से कुछ मीटर की दूरी पर हुआ।
कुछ समय तक बच्ची के नहीं दिखने पर परिजन उसे तलाशते हुए खेत पर पहुंचे, तो बालिका वहां उन्हें लहूलुहान मिली। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां कल उसकी मौत हो गई। इस मामले में आरोपी को छतरपुर पुलिस ने अपनी गिरफ्त में ले लिया गया है।
