ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने भारत को 19 रनों से हराया

कैनबरा, 19 फरवरी (वार्ता) जॉर्जिया वॉल (88), बेथ मूनी (46) की शानदार पारियों के बाद किम गार्थ और एश्ले गार्डनर (तीन-तीन विकेट ) की बेहतरीन गेंदबाजी की बदौलत ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने गुरुवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में भारत को 19 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर कर ली है। जॉर्जिया वॉल को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला। 166 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना की सलामी जोड़ी ने अच्छी शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिये 57 रन जोड़े। सातवें ओवर में सोफी मोलिन्यू ने शेफाली वर्मा को पगबाधा आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। शेफाली वर्मा ने 23 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 29 रन बनाये। नौवें ओवर में किम गार्थ ने स्मृति मंधाना को आउट कर भारत को दूसरा झटका दिया। स्मृति मंधाना ने 24 गेंदों में चार चौके लगाते हुए 31 रनों की पारी खेली। 17वें ओवर में किम गार्थ ने तेजी के साथ रन बना रही भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को आउटकर पवेलियन भेज दिया। हरमनप्रीत कौर ने 30 गेंदों में पांच चौके लगाते हुए 36 रन बनाये। अगले ही ओवर में एश्ले गार्डनर ने ऋचा घोष (19) का शिकार कर भारत को पांचवां झटका दिया। इसी ओवर में गार्डनर ने दीप्ति शर्मा (शून्य) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को छठी सफलता दिलाई। अमनजोत कौर (तीन) और अरुंधति रेड्डी (दो) को ऐनाबेल सदरलैंड ने 19वें ओवर में आउट किया। एक समय 17 ओवर में 126 रन बनाकर जीत की ओर बढ़ रही भारतीय टीम आखिरी ओवरों में लड़खड़ा गई और विकेट गंवाती चली गई। भारतीय टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट पर 144 रन ही बना सकी और 19 रनों से मुकाबला हार गई।

इससे पहले आज यहां भारतीय महिला टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्जिया वॉल और बेथ मूनी की सलामी जोड़ी ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए पहले विकेट के लिए 128 रन जोड़े। 15वें ओवर में अरुंधति रेड्डी ने बेथ मूनी को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। बेथ मूनी ने 39 गेंदों में 46 रन बनाये। 17वें ओवर में अरुंधति ने शतक की ओर बढ़ रही जॉर्जिया वॉल को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई। जॉर्जिया वॉल ने 57 गेंदों में 11 चौके और एक छक्का लगाते हुए 88 रनों की पारी खेली इसके बाद भारतीय गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों ने शिकंजा कसते हुए ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को अधिक रन नहीं बनाने दिये। ऑस्ट्रेलिया की टीम निर्धारित 20 ओवरों में पांच विकेट पर 165 रन ही बना सकी।
भारतीय महिला टीम के लिए अरुंधति रेड्डी ने दो विकेट लिये। रेणुका सिंह ने एक बल्लेबाज को आउट किया।

Next Post

बंगलादेश के टेस्ट ओपनर महमूदुल हसन को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला

Thu Feb 19 , 2026
ढाका, 19 फरवरी (वार्ता) टेस्ट ओपनर महमूदुल हसन जॉय कट में जगह बनाने में नाकाम रहे हैं, जबकि बंगलादेश क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार को अपनी 28 सदस्यों वाली पुरुषों की नेशनल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट की घोषणा की। क्रिकबज़ ने पहले बताया था कि नेशनल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में कोई ए प्लस कैटेगरी […]

You May Like