
अशोकनगर। सट्टा किंग और सेंशन का बादशाह कहे जाने वाले आजाद खान का आजाद पैलेस (होटल) सोमवार को जिला प्रशासन ने अवैध निर्माण के चलते ढहा दिया गया। इस अवैध निर्माण पर छह घंटे से अधिक समय तक दो हिटैची मशीने चली। जिन्होंने आजाद पैलेस को जमीदौज कर दिया। कार्रवाई के दौरान जहां सुरक्षा की दृष्टि से 100 से अधिक पुलिस जवान तैनात रहे, तो वहीं पूरे इलाके की निगरानी ड्रोन कैमरों से की गई। उल्लेखनीय है कि आजाद खान जिला सहित आसपास के इलाके में लंबे समय से ऑनलाइन सट्टा सेशन चलाता था। इसकी भनक पुलिस को गुना में पकड़े सटोरियों से लगी और उसके बाद छानबीन शुरू की गई। इसके बाद सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए कुछ सटोरियों के बैंक ट्रांजेक्शन के जरिए इसके सबूत सामने आए थे। दरअसल कार्रवाई के चलते सुबह से ही प्रशासनिक अमला पहुंचना शुरू हो गया था, जहां अल सुबह ही स्वास्थ्य विभाग की एबुंलेंस लग गई थी, तो वहीं पुलिस व नगरपालिका द्वारा बेरीकेट्स लगाए गए थे। इसके बाद पुलिस महकमे द्वारा पूरे क्षेत्र को बेरीकेट्स लगाकर बंद किया गया। तो वही आसपास की दुकानों को बंद कराया गया। साथ ही आजाद पैलेस से लगे मकानों को खाली कराया गया। इसके बाद कार्रवाई शुरू की गई। करीब छह घंटे से अधिक समय दो जेसीबी मशीनों ने आजाद पैलेस के अधिकतर हिस्से को जमीदौज कर दिया। कार्रवाई के दौरान एसडीएम शुभ्रता त्रिपाठी, एसडीओपी विवेक शर्मा, सिटी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि प्रताप चौहान, देहात थाना प्रभारी उप निरीक्षक भुवनेश शर्मा सहित राजस्व, पुलिस, लोक निर्माण विभाग सहित नगरपालिका, स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद रहा।
नियमों का नहीं किया पालन, 5 लाख था बिजली बिल का बकाया:
जिला प्रशासन द्वारा सोमवार को आजाद पैलेस के अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर जमीदोज किया गया। कार्यवाही के दौरान जमीन एवं बिल्डिंग सहित कीमत लगभग 10 करोड रुपए है। यह संपत्ति आजाद खान,रशीद खान और शाहिद खान पुत्र अलीम खान के नाम पर थी। आजाद पैलेस की अवैध निर्माण की संबंध में नगरपालिका अशोकनगर द्वारा धारा 187 के तहत नोटिस जारी किए गए थे इसमें बिना अनुमति तलघर बनाने, आगे एवं पीछे पर्याप्त ओपन स्पेस ना छोडऩे तथा धारा 359 के तहत होटल संचालन में पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था, फायर एनओसी, रेनवाटर हार्वेस्टिंग न होने से नगर पालिका द्वारा नोटिस 8 दिसंबर,10 दिसंबर एवं 19 दिसंबर 2025 को जारी किए गए थे। होटल संचालक द्वारा नियत समय में कोई पूर्ति नहीं की गई। इसके उपरांत अंतिम सूचना पत्र 24 दिसंबर 2025 को अवैध निर्माण को खाली कर स्वयं हटाने के संबंध में जारी किया गया था। साथ ही आजाद पैलेस पर विद्युत मंडल का 5 लाख रूपये की राशि का विद्युत बिल बकाया था। नगरीय निकाय क्षेत्र अंतर्गत मुक्त गई अवैध संपत्ति की अनुमानित कीमत 10 करोड रुपए बताई गई है।
जेल में है आजाद:
जिस सट्टा किंग आजाद के आजाद पैलेस पर प्रशासन द्वारा सोमवार को कार्रवाई की गई है, वह वर्तमान में सलाखों के पीछे है। दरअसल उस पर दो सगे भाईयों को आत्महत्या के मामले में उकसाने का आरोप है। तो वहीं इन भाईयों के परिजनों के धमकानें के मामले में आजाद के भाई और पार्षद राशिद खान चिन्ना पर एफआईआर भी दर्ज हुई है। इसके अलावा आजाद की मां के नाम से दर्ज आजाद खान का फार्म प्रशासन द्वारा विगत दिनों कार्रवाई करते हुए उसे भी जमीदौज किया जा चुका है।
