भोपाल में मूंग खरीदी पर महासंग्राम: 7 दिन का राशन लेकर पहुंचे 2 हजार किसान, सावरकर सेतु पर पुलिस के साथ आमना-सामना

भोपाल। मध्यप्रदेश में मूंग की 100% सरकारी खरीदी और खाद वितरण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर बड़ी संख्या में किसान भोपाल पहुंचे हैं। करीब 2 हजार किसान होशंगाबाद रोड पर पुलिस के सामने डटे हुए हैं। किसानों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांग मूंग की पूरी सरकारी खरीदी सुनिश्चित करना है, ताकि किसानों को अपनी उपज का सही मूल्य मिल सके।

किसान मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे, जिन्हें रोकने के लिए प्रशासन ने वीर सावरकर सेतु के पहले भारी पुलिस बल तैनात किया है। मौके पर पुलिस और किसानों के बीच आमना-सामना भी देखने को मिला। किसान नेताओं का कहना है कि वे अपनी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।

इससे पहले 11 मील बायपास पर पुलिस और किसानों के बीच बैरिकेडिंग को लेकर धक्का-मुक्की हुई थी। किसानों ने बैरिकेड हटाकर आगे बढ़ने की कोशिश की। इसके बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई। ट्रैफिक डायवर्जन के चलते कटारा हिल्स रोड पर करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम भी लग गया।

किसान नेता का कहना है कि किसान देश का पेट भरते हैं, फिर भी उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से मूंग की 100% खरीदी, खाद की उपलब्धता और किसानों से जुड़े अन्य मुद्दों पर जल्द फैसला लेने की मांग की है।

आंदोलनकारी किसान करीब सात दिन का राशन-पानी साथ लेकर पहुंचे हैं। अब सभी की नजर सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच होने वाली बातचीत पर है।

Next Post

प्रतिका रावल ने वार्विकशायर बियर्स के साथ करार किया

Tue Jul 28 , 2026
नयी दिल्ली, 28 जुलाई (वार्ता) भारत की इंटरनेशनल महिला क्रिकेटर प्रतिका रावल ने 2026 सीज़न के आखिर तक वार्विकशायर बियर्स के साथ करार किया है। 25 साल की यह बैटर मेट्रो बैंक वनडे कप के अगले दौर के मैचों के लिए उपलब्ध रहेंगी, जो 19 अगस्त से शुरू हो रहे […]

You May Like