रीवा: रीवा संभाग के सभी जिलों में 12 जनवरी से 31 मार्च तक संकल्प से समाधान अभियान चलाया जा रहा है. अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर आमजनता से पात्रता के अनुसार विभिन्न योजनाओं के आवेदन पत्र भरवाए जा रहे हैं. आमजनता की समस्याओं से जुड़े आवेदन पत्रों का भी निराकरण किया जा रहा है. आवेदन पत्रों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर विभागवार दर्ज किया जा रहा है. इसके साथ-साथ आवेदन पत्रों के निराकरण की भी जानकारी पोर्टल में दर्ज की जा रही है.
रीवा संभाग में अब तक आमजनता से 216815 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं. इनमें से 138545 आवेदन पत्र मंजूर कर लिए गए हैं. इस संबंध में कमिश्नर बीएस जामोद ने बताया कि आवेदन पत्रों के निराकरण की लगातार कार्यवाही की जा रही है. कमिश्नर ने बताया कि संभाग में 13 फरवरी तक सतना जिले में लगाए गए शिविरों में 48397 आवेदन पत्र प्राप्त हुए. इनमें से 45610 आवेदन पत्र मंजूर कर लिए गए हैं. रीवा जिले में कुल 36354 आवेदन पत्र प्राप्त हुए.
इनमें से 22306 आवेदन पत्र मंजूर किए गए हैं. सिंगरौली जिले में प्राप्त 33822 आवेदनों में से 13563 तथा सीधी जिले में प्राप्त 65246 आवेदन पत्रों में से 31137 आवेदन पत्रों को मंजूर कर लिया गया है. इसी तरह मैहर जिले में प्राप्त 23876 आवेदन पत्रों में से 19293 तथा मऊगंज जिले में प्राप्त 9120 आवेदन पत्रों में से 6636 आवेदन पत्र मंजूर कर लिए गए हैं. शेष लंबित आवेदन पत्रों के निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा लगातार कार्यवाही की जा रही है. शिविरों में श्रम विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, नगरीय निकाय, सामान्य प्रशासन विभाग तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में बड़ी संख्या में आवेदन पत्र मिल रहे हैं.
