
रीवा, जिले के सेमरिया कस्बे में बीती रात्रि तकरीबन 9 बजे एक युवक को घर से बाहर बुलाकर आधा दर्जन की संख्या में मौजूद युवकों ने चाकू से हमला करते हुए जमकर मारपीट की. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए हैं घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटना के संबंध में घायल शिवम शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बीती रात्रि तकरीबन 9 बजे वह घर के अंदर था इसी दौरान समीर खान पीयूष पांडे सहित अन्य युवक तीन बाइक से आए और उसे आवाज देकर घर के बाहर बुलाया. शिवम ने बताया कि जैसे ही वह घर से बाहर आया तो आरोपियों ने कुछ दूर ले जाकर उसके साथ मारपीट और गाली गलौज शुरू कर दी. इसी दौरान पीछे से एक आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. घटना के बाद हल्ला गोहार सुनकर लोगों को आता देख सभी आरोपी फरार हो गए जबकि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल की शिकायत पर आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटना के पीछे की वजह क्या है फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाई है.
