अमेरिका ने ईरान के पैसे और होर्मुज जलडमरूमध्य पर नियंत्रण हासिल कर लिया हैः ट्रम्प

वाशिंगटन, 12 नवंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका को अब ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है।

श्री ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका ने ईरान के करोड़ों डॉलर हासिल कर लिए हैं और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपना नियंत्रण कर लिया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, “हमें ईरान के साथ किसी समझौते की जरूरत नहीं है। वे दिन अब लद चुके हैं।” उन्होंने कहा, “हमने उनके पैसे ( करोड़ों डॉलर) ले लिए हैं और होर्मुज जलडमरूमध्य पर भी कब्जा कर लिया है।”

इसके अलावा, श्री ट्रम्प ने बताया कि उन्होंने उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस को निर्देश दिये हैं कि वह डेमोक्रेट्स द्वारा शासित शहरों और राज्यों में कथित भ्रष्टाचार और अपराधों पर ध्यान दें। उन्होंने विशेष रूप से मिनेसोटा, कैलिफोर्निया और इलिनोइस का जिक्र करते हुए डेमोक्रेटिक नेताओं पर बड़े पैमाने पर वित्तीय गड़बड़ियों को होने देने का आरोप लगाया।

श्री ट्रम्प ने दावा किया, “हर महीने अरबों डॉलर की चोरी होती है।” उन्होंने कहा कि आपराधिक गतिविधियों और भ्रष्टाचार को रोकने से संघीय बजट को संतुलित करने में मदद मिलेगी। हालांकि, उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में इन दावों को साबित करने के लिए कोई विवरण या सबूत नहीं दिया।

वहीं, ईरान के अधिकारियों और विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने बार-बार श्री ट्रम्प के इन दावों को गलत बताया है। उनका कहना है कि खुफिया जानकारी की विफलता के कारण अमेरिका बार-बार गलत आकलन कर बैठता है। श्री ट्रम्प की इन टिप्पणियों से यह भी स्पष्ट होता है कि वह ईरान के साथ किसी समझौते के पक्ष में नहीं हैं, हालांकि उन्होंने किसी अन्य राजनयिक या नीतिगत विकल्प के बारे में विस्तार से नहीं बताया।

इस बीच, इज़रायली मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, सप्ताहांत पर श्री ट्रम्प और इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच फोन पर तीखी बातचीत हुई। बताया जा रहा है कि ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान फिर से शुरू करने के मुद्दे पर दोनों नेताओं के बीच टकराव हुआ। ‘वाईनेट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, यह असहमति इस बात पर थी कि क्या ईरान के खिलाफ सैन्य हमले फिर से शुरू किए जाएं। श्री नेतन्याहू इसके पक्ष में थे, जबकि श्री ट्रम्प राजनयिक प्रयासों को जारी रखने और ईरान के साथ बातचीत चलने देने के पक्ष में थे। एक सूत्र ने इस बातचीत को ‘मुश्किल’ बताया, जबकि एक अन्य सूत्र ने इसे “बेहद तीखी बहस” करार दिया।

हालाँकि, श्री नेतन्याहू के कार्यालय ने इस बात से इनकार किया कि बातचीत में कोई टकराव हुआ था। इज़रायल के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि फोन पर बातचीत हुई थी, लेकिन तीखी बहस नहीं हुई थी। अमेरिका का कहना है कि इस संघर्ष में उसकी स्थिति मजबूत है; उसने होर्मुज जलडमरूमध्य पर अपने नियंत्रण का हवाला दिया और कहा कि ईरान की अर्थव्यवस्था ढह रही है। अमेरिका ने यह भी स्पष्ट किया कि नौसैनिक नाकेबंदी और सैन्य अभियान (जिनमें ‘ऑपरेशन इकोनॉमिक आउटकास्ट’ और हाल ही में घोषित ‘ऑपरेशन आयरन गेट’ शामिल हैं) जारी रहेंगे।

 

 

 

Next Post

विवान कपूर ने भारत के लिए तीसरा ओलंपिक शूटिंग कोटा हासिल किया

Thu Nov 12 , 2026
दोहा, 12 नवम्बर (वार्ता) विवान कपूर ने गुरुवार को दोहा, कतर में आईएसएसएफ वर्ल्ड चैंपियनशिप 2026 में पुरुषों के ट्रैप इवेंट में सिल्वर मेडल जीतकर लॉस एंजेलिस 2028 ओलंपिक के लिए भारत का तीसरा शूटिंग कोटा हासिल किया। विवान ने फाइनल में 30 में से 29 टारगेट पर निशाना लगाया, […]

You May Like