नदी तट के पास मिला 500 घनमीटर रेत का अवैध भंडारण

जबलपुर। जिले में अवैध खनन और रेत के अवैध भंडारण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए शहपुरा तहसील के ग्राम भड़पुरा में करीब 500 घनमीटर बजरी (रेत) को नष्ट कर दिया। जानकारी के अनुसार यह कार्रवाई कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर की गई, जिसमें राजस्व और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने नर्मदा नदी घाट क्षेत्र का आकस्मिक निरीक्षण किया।

अनुविभागीय राजस्व अधिकारी शहपुरा मदन सिंह रघुवंशी और खनि अधिकारी ए.के. राय के नेतृत्व में गठित दल ने भड़पुरा गांव के नर्मदा नदी तट के आसपास निरीक्षण किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर करीब 500 घनमीटर बजरी का बेतरतीब ढंग से किया गया अवैध भंडारण पाया गया, जिससे अवैध खनन की आशंका जताई गई।

दस्तावेज मांगने पर कोई नहीं आया सामने

निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद लोगों से रेत के मालिकाना हक से संबंधित साक्ष्य और वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। हालांकि पर्याप्त समय दिए जाने के बाद भी किसी भी व्यक्ति या संस्था द्वारा रेत के भंडारण से संबंधित वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।

पंचनामा बनाकर रेत को किया नष्ट

दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रशासनिक दल ने मौके पर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद भंडारित रेत की कुछ मात्रा को पुनः नदी में प्रवाहित कर दिया गया, जबकि शेष बजरीयुक्त रेत को मौके पर ही मटियामेट कर नष्ट कर दिया गया, ताकि इसका दोबारा अवैध विक्रय न किया जा सके।

इन अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस कार्रवाई के दौरान निरीक्षण दल में नायब तहसीलदार राघवेंद्र पटेल, खनिज निगम के कनिष्ठ प्रबंधक जितेंद्र सिंह चंदेल, खनि निरीक्षक विवेकानंद यादव सहित राजस्व एवं खनिज विभाग का मैदानी अमला मौजूद रहा।

Next Post

शहपुरा में दो मारुति वैन से निकलवाई गैस किट 

Mon Mar 16 , 2026
जबलपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने शहपुरा में वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। सोमवार को तहसीलदार सुमित गुप्ता के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान कई वाहनों की जांच की गई। जांच में दो मारुति वैन एलपीजी गैस किट से संचालित […]

You May Like

Play sound