इंदौर:संभाग में तीन दिन तक चली ग्रीष्मकालीन गिद्ध गणना रविवार 24 मई को पूरी हो गई. गणना में 69 इजिप्शियन प्रजाति के गिद्ध दर्ज किए गए. इसमें सबसे अधिक 54 गिद्ध चोरल क्षेत्र में मिले, जबकि महू और रालामंडल में एक भी गिद्ध नजर नहीं आया.वन विभाग और संबंधित टीमों द्वारा किए गए सर्वे में इंदौर क्षेत्र में 11 गिद्ध दर्ज किए गए, जबकि मानपुर में इनकी संख्या 4 रही.
चोरल क्षेत्र गिद्धों के लिए सबसे सुरक्षित और अनुकूल स्थान के रूप में सामने आया, जहां अकेले 54 गिद्ध देखे गए. दूसरी ओर महू और रालामंडल क्षेत्र में गिद्धों की अनुपस्थिति चिंता का विषय बनी हुई है. पूरी गणना में सभी गिद्ध इजिप्शियन प्रजाति के पाए गए, जो कि पर्यावरण संतुलन के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जाते हैं. डीएफओ लाल सुधाकर सिंह ने बताया कि गिद्धों की घटती संख्या पर लगातार निगरानी और संरक्षण प्रयास जरूरी हैं, ताकि इस प्रजाति को सुरक्षित रखा जा सके
