36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद छठव्रतियों ने किया पारण, सेवा में जुटा भोजपुरी सांस्कृतिक मंच

रीवा/ लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार, 16 नवंबर को बाबाघाट स्थित बिहर नदी तट पर उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो गया। सुबह तड़के से ही घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। व्रतधारी महिलाओं ने भगवान सूर्य को दूध एवं गंगाजल से अर्घ्य अर्पित कर छठी मैया की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की।

अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत का समापन हुआ। व्रतियों ने विधिवत पारण किया और परिवारजनों एवं श्रद्धालुओं के बीच छठी मैया का प्रसाद वितरित किया।
इस अवसर पर हिन्दू उत्सव समिति ‘धर्म परिवार’ के अध्यक्ष गुरमीत सिंह मंगू भैय्या के मार्गदर्शन में भोजपुरी सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नंदजी तिवारी, श्रीप्रकाश तोमर एडवोकेट, अजय उपाध्याय, सुनील अग्रवाल, विजय उपाध्याय, सुरेश राय सहित समिति के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाओं में सक्रिय सहयोग दिया। समिति की ओर से व्रतधारियों के लिए अर्घ्य हेतु दूध, चाय तथा श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की व्यवस्था की गई।
बाबाघाट के विस्तार की उठी मांग

सफल आयोजन के लिए हिन्दू उत्सव समिति ‘धर्म परिवार’ ने नगर निगम प्रशासन, पुलिस विभाग एवं मीडिया के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही छठ महापर्व के प्रति लगातार बढ़ती आस्था और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बिहर नदी स्थित बाबाघाट के विस्तार की मांग प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल से की है।
समिति पदाधिकारियों का कहना है कि रीवा शहर में पूर्वांचल के तीन हजार से अधिक परिवार निवासरत हैं, जिनकी आस्था और पूजा-अर्चना का प्रमुख केंद्र बाबाघाट है। वर्तमान में एकमात्र प्रमुख घाट होने के कारण यहां स्थान की कमी महसूस होने लगी है। ऐसे में जिला प्रशासन एवं सरकार के प्रतिनिधियों को इस आवश्यकता को गंभीरता से लेते हुए बाबाघाट की लंबाई एवं क्षेत्रफल बढ़ाने की दिशा में शीघ्र पहल करनी चाहिए, ताकि आगामी वर्ष छठ महापर्व का आयोजन और अधिक भव्यता एवं सुविधाजनक तरीके से किया जा सके।

.....

Next Post

रीवा में सनसनीखेज : "बरदहा घाटी" में लहूलुहान मिला "शिक्षक" का शव, हत्या की आशंका पर परिजनों और छात्रों ने किया चक्काजाम...

Mon Nov 16 , 2026
रीवा जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा-डभौरा मार्ग स्थित बरदहा घाटी में आज सुबह एक शिक्षक का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। जहां पुलिस इसे प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना मान रही है, वहीं […]

You May Like