
रीवा जिले के सिरमौर थाना क्षेत्र अंतर्गत रीवा-डभौरा मार्ग स्थित बरदहा घाटी में आज सुबह एक शिक्षक का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। जहां पुलिस इसे प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना मान रही है, वहीं मृतक के परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
गुस्साए परिजनों, स्थानीय नागरिकों और स्कूली छात्रों ने सिरमौर के मुख्य चौराहे पर चक्काजाम कर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह बरदहा घाटी से गुजर रहे राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा।
राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना सिरमौर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अस्पताल भिजवाया। बाद में मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतक की शिनाख्त भानु प्रकाश गुप्ता के रूप में की। वे मैहर जिले के ताला थाना अंतर्गत मुकुंदपुर के निवासी थे और वर्तमान में सिरमौर के सीएम राइज स्कूल में शिक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन सिरमौर पहुंचे। शव की स्थिति और शरीर पर मौजूद गहरे जख्मों को देखकर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने इसे महज एक सड़क हादसा मानने से साफ इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों का सबसे बड़ा आरोप पुलिस की कार्रवाई पर है। उनका कहना है कि पुलिस को सूचना देने के बावजूद, उनके मौके पर पहुंचने का इंतजार किए बिना ही शव को घटनास्थल से उठाकर अस्पताल पहुंचा दिया गया। परिजनों ने इसे साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ और पुलिस की घोर लापरवाही करार दिया है।
पुलिस की कार्यशैली से आक्रोशित परिजनों ने सिरमौर के मुख्य चौराहे पर चक्काजाम कर दिया। वही अपने प्रिय शिक्षक की संदिग्ध मौत की खबर सुनकर सीएम राइज स्कूल के छात्र और स्थानीय ग्रामीण भी बड़ी संख्या में सड़क पर उतर आए और जाम में शामिल हो गए। इससे रीवा-डभौरा मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
फिलहाल हंगामे और चक्काजाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर तैनात हो गया। पुलिस अधिकारी आक्रोशित परिजनों और छात्रों को समझाइश देकर जाम खुलवाने का प्रयास कर रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है, लेकिन परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है।
मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा, जिसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
