सतना:शहर के महादेवा रोड धवारी क्षेत्र में हथियारबंद बदमाशों द्वारा मारपीट और कट्टे से फायर कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रावेेंद्र द्विवेदी से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए इस बात की सूचना मिली कि महादेवा रोड गोलीकाण्ड का एक आरोपी अपनी मोटरसाइकिल से भागने की फिराक में है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन की तस्दीक कराई गई. जिसके फौरन बाद ही टीम ने दबिश देते हुए आरोपी बेटू उर्फ चंद्र प्रकाश मिश्रा पिता चंद्रिका उम्र 18 वर्ष निवासी साईं कालोनी जवाहर नगर को गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया.
गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस द्वारा जतिन तिवारी, अंशुमान सिंह उर्फ अंशू कछवाह और धीरु उर्फ धीरेंद्र सिंह को पुलिस द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है. 1 जुलाई की शाम महादेवा रोड धवारी क्षेत्र में कैलाश पयासी की दुकान पर जान से मारने की नियत से फायरिंग और रॉड-डंडे से हमला करने के मामले में पुलिस द्वारा दीपू उर्मलिया और शुभम पंडित सहित अन्य आरोपियों की सरगर्मी से तलाश की जा रही है.
