
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गत दो वर्षों में प्रदेश ने विकास की नई ऊँचाइयाँ छुई हैं और कई ऐसे कार्य पूरे किए हैं जो पहले असंभव माने जाते थे। उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास दर 24 प्रतिशत तक पहुँची है तथा उद्योग स्थापना तेजी से हो रही है। मुख्यमंत्री शनिवार को लाल परेड ग्राउंड में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के सांस्कृतिक कार्यक्रम “अवतार” को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में भोपाल वन विहार और शिवपुरी के माधव नेशनल पार्क सहित नौ टाइगर रिजर्व हैं, वहीं खंडवा-देवास में ओंकारेश्वर अभयारण्य 27वें अभयारण्य के रूप में प्रारंभ हो रहा है। उज्जैन में 7 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन को उन्होंने प्रदेश की सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक बताया। चित्रकूट में 28 करोड़ की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जिसने पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा प्रारंभ की है। दतिया, सतना और रीवा में तीन नए एयरपोर्ट शुरू हुए हैं, जबकि उज्जैन एयरपोर्ट के विकास के लिए एमओयू हुआ है। राज्य को केन-बेतवा, पार्वती-काली-सिंध-चंबल और ताप्ती मेगा जैसी तीन अंतर्राज्यीय सिंचाई परियोजनाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय स्थापना दिवस कार्यक्रमों में सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ राज्य की गौरवगाथा को नई ऊर्जा देंगी।
