जबलपुर: शहर के अलग-अलग स्थान के विद्युत पोलो में गुच्छों के रूप में फैली ज्वलनशील ऑप्टिकल वायरों को जल्द से जल्द हटाने के लिए विद्युत विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। अग्नि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के मकसद से मुख्य अभियंता संजय अरोरा ने मंगलवार को मिशन कंपाउंड स्थित कार्यालय में जिओ, एयरटेल, बीएसएनल के जिम्मेदार प्रतिनिधियों सहित शहर के करीब 25 केवल ऑपरेटर को बुलाया और सभी को कड़े शब्दों में अल्टीमेटम दिया कि विद्युत खंभों में जहां-जहां उनकी ऑप्टिकल वायर का बंडल मौजूद है उसे तत्काल हटा ले, अगर ऐसा जल्द नहीं किया गया तो विद्युत विभाग की टीम द्वारा ऐसे वायरों को उठाकर फेंक दिया जाएगा। विद्युत खंभों से ऑप्टिकल वायर के झुंडों को हटाने के अभियान की शुरुआत बुधवार सुबह 10:30 बजे से गुरंद्दी स्थित दुर्गा माता मंदिर वाले इलाके से शुरू होगी जिसमें शहर के अलग-अलग इलाकों के विद्युत खंभों में मौजूद तारों को हटाया जाएगा।
कुछ दिन पहले कमानिया गेट के पास लगी थी आग
विदित हो कि कुछ दिनों पहले कमानिया गेट के पास विद्युत पोल में तारों के गुच्छों में आग भड़क बाद उठी थी, इसके बाद एहतियात के तौर पर विद्युत विभाग ने यह कदम उठाया है। जानकारी के अनुसार ग़लगला, कमानिया गेट, फुहारा, दमोहनाका, बलदेवबाग, गोरखपुर, ग्वारीघाट, रांझी सहित अन्य इलाकों के विद्युत खंभों में ऑप्टिकल वायरों का रिंग आसानी से देखा जा सकता है। गौरतलब है कि शहर में करीब एक लाख से अधिक विद्युत खंभे मौजूद हैं। अधिकांशत यह भी देखा गया है कि विद्युत पोल में केवल ऑपरेटर या मोबाइल नेटवर्क कंपनियों द्वारा अपना अपना एक बॉक्स लगा दिया जाता है जिससे 30 से 40 कनेक्शन जारी किए जाते हैं यह एक बहुत बड़ा कारण होता है कि विद्युत पोल में शॉर्ट सर्किट की वजह से अग्नि दुर्घटनाएं घटित हो जाती है। इसी वजह से विद्युत विभाग अलर्ट मोड पर है और अब इन तारों के गुच्छों को हटाने का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
