
जबलपुर। कटंगी-खजरी बाईपास पर बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने राह चलती महिला के कान से सोने का झुमका इस बेरहमी से खींचा कि उनका कान बीच से फट गया। लहूलुहान हालत में महिला दर्द से चीखती रही और आरोपी पलक झपकते ही फरार हो गए।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार रांझी मड़ई व्हीकल की रहने वाली सविता चौधरी (38) अपने पति गणेश चौधरी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर बिहरिया से कटंगी बाईपास होते हुए खजरी बाईपास की तरफ जा रही थीं। जैसे ही वे हाईवे पर पहुंचे, पीछे से एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात लड़के उनके करीब आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तीनों आरोपियों की उम्र 20 से 25 वर्ष के बीच थी और वे काले रंग के कपड़े पहने हुए थे। मोटरसाइकिल पर बीच में बैठे लड़के ने अचानक सविता चौधरी के दाहिने कान पर झपट्टा मारा। उसने कान में पहना हुआ करीब 3.5 ग्राम वजनी सोने का झुमका कीमत लगभग 50,000 पूरी ताकत से खींच लिया। झटका इतना तेज था कि महिला का कान फट गया और खून की धार बहने लगी। वारदात के बाद आरोपी तेजी से खजरी बाईपास की तरफ भागे। गणेश चौधरी ने हौसला दिखाते हुए लुटेरों का पीछा भी किया, लेकिन तेज रफ्तार बाइक सवार बदमाश उन्हें चकमा देकर गायब हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हाईवे और बाईपास के रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।
