कांगो और चीन द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर सहमत

किंशासा, 16 जुलाई (वार्ता) कांगो और चीन ने व्यापक रणनीतिक सहयोग साझेदारी को बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने पर सहमति व्यक्त की है।

कांगो के राष्ट्रपति फेलिक्स त्सेसीकेदी और प्रधानमंत्री जूडिथ सुमिनवा तुलुका ने मंगलवार को किंशासा में चीन के जन राजनीतिक परामर्श सम्मेलन (सीपीपीसीसी) की राष्ट्रीय समिति के उपाध्यक्ष किन बोयोंग से अलग-अलग मुलाकात की।इन बैठकों के दौरान श्री किन ने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अन्य चीनी नेताओं की ओर से उन्हें हार्दिक शुभकामनाएँ दीं और दोनों राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी सहमति तथा चीन-अफ्रीका सहयोग मंच (एफओसीएसी) बीजिंग शिखर सम्मेलन के दौरान बनी सहमति को लागू करने के लिए डीआरसी के साथ काम करने की चीन की प्रतिबद्धता दोहरायी ।

उन्होंने बेल्ट एंड रोड पहल के तहत सहयोग को पगाढ़ करने और व्यावहारिक सहयोग का विस्तार करने की चीन की इच्छा जतायी, जिसका उद्देश्य दोनों देशों की साझेदारी को नई ऊँचाइयों तक ले जाना है।इसके अतिरिक्त उन्होंने कांगो पक्ष को चीन की आर्थिक प्रगति और आधुनिकीकरण प्रयासों के बारे में जानकारी दी।

इस दौरान कांगो के नेताओं ने श्री शी और अन्य चीनी नेताओं के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और चीन के दीर्घकालिक और बहुमूल्य समर्थन को स्वीकार किया। उन्होंने व्यापार, खनन, कृषि और अन्य क्षेत्रों में चीन के साथ सहयोग जारी रखने की इच्छा व्यक्त की।कांगो नेतृत्व ने एक-चीन सिद्धांत के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहरायी और चीन के शीघ्र राष्ट्रीय एकीकरण की आशा व्यक्त की।

गौरतलब है कि श्री किन सोमवार और मंगलवार को कांगो के दौरे पर थे,जहाँ उन्होंने कांगो सीनेट की दूसरी उपाध्यक्ष मोडेस्ट बहाती लुक्वेबो से भी मुलाकात की।

 

Next Post

‘जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना’ की वित्तीय अनियमितता की जांच एसीबी करेगी : रेखा

Wed Jul 16 , 2025
नयी दिल्ली, 16 जुलाई (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पूर्ववर्ती आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के दौरान ‘जय भीम मुख्यमंत्री प्रतिभा विकास योजना’ में हुई वित्तीय अनियमितता की जांच भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी) करेगी। श्रीमती गुप्ता ने एक्स पर कहा “वर्ष 2020-21 में ‘आप’ सरकार की […]

You May Like