
ओंकारेश्वर, एनएचडीसी लिमिटेड के अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र गुप्ता और प्रबंध निदेशक श्री ओमप्रकाश ने सोमवार को जलाशय पर निर्मित 88 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर पावर प्लांट का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने प्लांट की तकनीकी विशेषताओं, उत्पादन क्षमता, संचालन प्रणाली और सुरक्षा मानकों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष श्री गुप्ता ने परियोजना में अपनाई गई अत्याधुनिक तकनीक और उत्कृष्ट संचालन व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने इसे देश के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
अध्यक्ष ने कहा कि जलाशय की सतह पर स्थापित इतनी विशाल सौर परियोजना तकनीकी उत्कृष्टता और कुशल क्रियान्वयन का उदाहरण है। इस तरह की परियोजनाएं देश को स्वच्छ ऊर्जा में आत्मनिर्भर बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के राष्ट्रीय लक्ष्यों को मजबूती देंगी।
उन्होंने परियोजना प्रमुख श्री डी. के. द्विवेदी और पूरी टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इतनी बड़ी परियोजना का सफल संचालन अधिकारियों-कर्मचारियों की कार्यनिष्ठा और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, गुणवत्ता और नवाचार को प्राथमिकता देकर ही संस्थान नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं।
प्रबंध निदेशक श्री ओमप्रकाश ने कहा कि यह फ्लोटिंग सोलर प्लांट एनएचडीसी की तकनीकी क्षमता और नवाचार का प्रतीक है। टीम भविष्य में भी नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करेगी।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख डी. के. द्विवेदी, एनएचपीसी के महाप्रबंधक विनोद शर्मा, एनएचडीसी के महाप्रबंधक पी. सत्यमूर्ति, विनोद कुमार सिंह, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
