
दमोह। राष्ट्रीय विज्ञान व प्रौद्योगिकी संचार परिषद नई दिल्ली, मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद व साइंस सेंटर (ग्वा.) मध्य प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में 10 से 14 व 14 से 17 आयु वर्ग के विद्यार्थियों हेतु शोध को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परियोजना निर्माण कार्यशाला का आयोजन एकलव्य फाऊंडेशन भोपाल में किया गया। जिसमें विभिन्न जिलों से आए हुए जिला समन्वयक सम्मिलित हुए। दो दिवसीय कार्यशाला में राज्य समन्वयक श्रीमती संध्या वर्मा ने पंजीयन प्रक्रिया, व पोर्टल संबंधी विभिन्न जानकारियों का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से बिंदुवार प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रथम दिवस संयुक्त संचालक लोक शिक्षण एच एन नेमा ने जिला समन्वयकों से बात करते हुए 15 अगस्त 2026 अंतिम तिथि तक अधिक से अधिक ऑनलाइन पंजीयन हेतु जिला स्तर पर कार्यशाला आयोजन करते हुए लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा भी सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत निर्देश दिए गए हैं। इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया जाता बल्कि पंजीयन करने वाले सभी विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम “सततता के लिए विज्ञान व नवाचार” रखी गई है।
दमोह जिले से जिला समन्वयक मोहन राय ने कार्यशाला में भाग लिया तथा बताया कि जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों को इस संदर्भ में जानकारी प्रदान कर दी गई है सभी विद्यालय 15 अगस्त तक 2-2 विद्यार्थियों की टीम बनाकर पंजीयन प्रक्रिया पूर्ण करें। पंजीकृत विद्यार्थियों का जिला स्तरीय आयोजन सितंबर माह के अंतिम सप्ताह से लेकर अक्टूबर माह के द्वितीय सप्ताह के बीच में किया जाएगा।
