शहर के श्रीराम एवं श्रीकृष्ण मंदिरों में भक्तों की उमड़ी भीड़

झाबुआ। शहर के श्रीराम एवं श्रीकृष्ण मंदिरों में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव 27 मार्च, शुक्रवार को धूमधाम से एवं हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। मंदिरों में सुबह से लेकर रात तक विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का दौर चलता रहा। दोपहर ठीक 12 बजे महाआरती का आयोजन हुआ। पश्चात् विशेष प्रसादी का भक्तों को वितरण किया गया। शहर के सभी श्रीराम एवं श्रीकृष्ण मंदिरों में दिनभर भक्तों की दर्शन-पूजन के लिए भीड़ रहीं। श्रीराम नवमी पर्व पर 27 मार्च, शुक्रवार को दिनभर उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला। सनातन समाजजनों द्वारा एक-दूसरे को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव की शुभकामनाएं प्रेषित की गई। अपने घरों पर भगवान श्रीराम की विशेष पूजन-पाठ करने के साथ घरों एवं प्रतिष्ठानों पर केसरिया ध्वज भी लगाएं गए। सोशल मीडिया पर भी श्रीराम जन्मोत्सव की बधाई देने का क्रम दिनभर चलता रहा। श्रीराम नवमी पर्व पर शासकीय अवकाश होने से अधिकारी-कर्मचारी वर्ग द्वारा भी यह पर्व उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। शहर के श्रीराम एवं श्रीकृष्ण मंदिरों में दिनभर भक्तों की दर्शन पूजन के लिए भीड़ रहीं। मंदिरों में श्री रामलला एवं श्रीकृष्ण कन्हैयालाल के जयघोष गूंजायमान हुए। *महाआरती एवं विशेष प्रसादी का हुआ आयोजन -* शहर के राजवाड़ा स्थित प्राचीन श्रीराम मंदिर पर मंदिर समिति द्वारा दिनभर विभिन्न कार्यक्रम किए गए। जिसमें प्रातःकाल श्रीराम दरबार की प्रतिमाओं का अभिषेक कर श्रृंगार मंदिर के पूजारी विशाल त्रिवेदी ने किया। सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक मंदिर में श्री रामायण मंडल द्वारा सुमधुर संगीतमय, वाद्य यंत्रों के साथ सुंदरकांड की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान भगवान श्रीराम एवं हनुमानजी महाराज के भजनों पर भक्तों ने नृत्य करने का भी आनंद लिया। दोपहर 12 बजे मंदिर परिसर में आतिशबाजी की गई। इस दौरान भक्तों को मस्तक पर केसरिया तिलक भी लगाए गए। बाद बैंड-बाजों के साथ श्रीराम दरबार की महाआरती की गई। महाआरती के दौरान पूरा मंदिर एवं परिसर भक्तों की भीड़ से खचाखच रहा। श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर श्रीराम दरबार के दर्शन किए। बाद मंदिर परिसर में महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग स्टाल लगाकर प्रसादी वितरण किया गया। प्रसादी में भक्तों को पंचमेवे और पंजेरी का वितरण हुआ। महाआरती एवं प्रसादी वितरण व्यवस्था में विशेष सहयोग मंदिर समिति के सभी सदस्यों द्वारा प्रदान किया गया। इसी प्रकार लक्ष्मीबाई मार्ग स्थित प्राचीन श्रीराम दरबार एवं कॉलेज मार्ग पर प्राचीन श्री जगदीश मंदिर में स्थापित श्रीराम दरबार में भी दोपहर 12 बजे महाआरती बाद भक्तों को विशेष प्रसादी का वितरण किया गया। समीपस्थ रंगपुरा स्थित प्राचीन श्रीराम दरबार पर भक्तों द्वारा सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ करने के साथ दोपहर 12 बजे महाआरती की गई और प्रसादी का वितरण किया गया। जिसके लाभार्थी वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. यशवंत भंडारी परिवार रहा। उक्त आयोजन में मंदिर से जुड़े भक्तजनों के साथ ग्रामीणजनों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रहीं। *श्रीकृष्ण मंदिरों में भी हुए विशेष आयोजन -* शहर के आजाद चौक के समीप श्री गोवर्धननाथ मंदिर, समीप श्री चारभुजानाथ मंदिर, राधाकृष्ण मार्ग स्थित श्री राधाकृष्ण सरकार मंदिर, समीप श्री मेढ़ क्षत्रिय स्वर्णकार मंदिर, छोटे तालाब स्थित श्री राधाकृष्ण बिहारी मंदिर में भी श्रीराम जन्मोत्सव के उपलक्ष में भगवान का विशेष श्रृंगार किया गया। दोपहर 12 बजे मंदिरों में महाआरती का आयोजन हुआ। तत्पश्चात् श्रद्धालुओं को प्रसादी के रूप में पंचामृत, पंजेरी, केसरिया दूध, फल, मिष्ठान आदि का वितरण किया गया। *झाबुआ युथ द्वारा निकाली गई भव्य शोभायात्रा -* झाबुआ युथ द्वारा प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के उपलक्ष में स्थानीय भगवा चौक (राजगढ़ नाका) से ढोल-ताशों और बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जानकारी देते हुए झाबुआ युथ के विनय वर्मा ने बताया कि यात्रा में मुख्य आकर्षण सभी युवाजन एवं भक्तजन अपने हाथों में भगवान श्रीराम, श्री हनुमानजी महाराज और केसरिया ध्वज लेकर चले। विशेष रथ पर भगवान श्रीराम की सुंदर प्रतिमा विराजमान रहीं। यह चल समारोह शहर के डीआरपी लाइन तिराहा, नेहरू मार्ग, श्री गोवर्धननाथ मंदिर तिराहा, आजाद चौक, बाबेल चौराहा, थांदला गेट, रूनवाल बाजार, राधाकृष्ण मार्ग होते हुए राजवाड़ा पर देर शाम पहुंचा। जहां झाबुआ युथ के सदस्यों द्वारा रंगारंग आतिशबाजी करने के साथ प्राचीन श्रीराम मंदिर में आरती और प्रसादी करने का लाभ लिया गया।

Next Post

देश में कच्चे तेल और एलपीजी की पर्याप्त मात्रा, लोग अफवाहों पर ध्यान न दें : सरकार

Fri Mar 27 , 2026
नयी दिल्ली 27 मार्च (वार्ता) सरकार ने एक बार फिर दोहराया है कि पश्चिम एशिया संकट के कारण ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित होने के बावजदू देश में अगले दो महीने के लिए कच्चा तेल, एलपीजी और एलएनजी पर्याप्त मात्रा में है और लोगों को अफवाहों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं […]

You May Like