
उज्जैन। रात में एक बार फिर शहर में हत्या का मामला सामने आया है। ट्रैक्टर शोरूम का संचालन करने वाले युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटनाक्रम में दो दोस्त भी घायल हुए हैं। शोरूम संचालक ने भाग कर जान बचाने का प्रयास किया था लेकिन कुछ दूर जाने के बाद गिर गया था। घटना के 2 घंटे बाद उसकी लाश मिलना बताया जा रहा है।
मामला माधव नगर थाना क्षेत्र के दमदमा स्थित जिला पंचायत के पास का है। जहां तडक़े 5 के लगभग यश पिता विजय नारायण मित्तल 27 साल निवासी ऋषि नगर मूल निवासी तराना की खून से सनी लाश मिली थी। पुलिस जांच के लिए पहुंची तो सामने आया कि यश मित्तल कृषि उपज मंडी में अपने चाचा के साथ महिंद्रा ट्रैक्टर शोरूम का संचालन करता था। पुलिस को पता चला कि रात में यश अपने चार-पांच दोस्तों के साथ कार से एक दोस्त को छोडऩे के लिए बाइक से जा रहा था। दमदमा मोड पर ढाई बजे के लगभग बीच रास्ते में खड़े कुछ युवकों से हॉर्न बजाकर गाड़ी हटाने की बात को लेकर विवाद हो गया था। रास्ते में खड़े 7 से 8 युवकों ने पहले कार पर पत्थर से हमला हमला किया और कांच फोड़ दिया। यश और उसके दोस्त बाहर निकले और कांच फोडऩे का कारण पूछा तो युवकों ने यश पर चाकू से हमला कर दिया। यही नहीं पत्थरबाजी में प्रियांश घायल हो गया और मंगल वर्मा के हाथ पर चाकू लगा। विवाद बढ़ता देख यश जान बचाकर पैदल भाग निकला था वहीं सभी दोस्त भी कार से भाग कर माधवनगर पुलिस थाने की और आ गए। जहां पुलिस को घटना बताई और दोस्त यश मित्तल की तलाश में दोबारा घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने आसपास चाकू लगने से घायल यश की तलाश शुरू की तडक़े 5 बजे के लगभग उसका शव जिला पंचायत कार्यालय से कुछ दूरी पर एक गुमटी के पीछे मिल गया। पुलिस ने दोस्त अमित की शिकायत पर मामले में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने की रात में ही आरोपियों की धरपकड़
माधव नगर थाना पुलिस ने चाक बाजी का मामला सामने आने के बाद ही आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे। इस दौरान सामने आया कि चाकू मारने वालों में आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर, शेंटू और अन्य शामिल हैं। सभी दमदमा क्षेत्र के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने उनके घरों पर दबिश दी। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार पुलिस ने चार से पांच को हिरासत में ले लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है। फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपियों के नाम का खुलासा नहीं किया गया है।
