
उज्जैन/घट्टिया। पशु चिकित्सालय से सेवानिवृत्त डॉक्टर की विगत शनिवार-रविवार रात हत्या कर दी गई थी। घटनाक्रम के बाद से पुलिस मामले की पड़ताल में लगी थी। मृतक के भतीजों को हिरासत में लिया गया था, जिनसे पूछताछ में सुराग मिल गया है। दोनों ने सगाई तुड़वाने और जमीन हड़पने से नाराज होकर हत्या को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया है।
घट्टिया थाना क्षेत्र के बस स्टेंड के पास सांवरिया सदन में रहने वाले सेवानिवृत्त पशु चिकित्सक गजरराज पिता किशोरसिंह तोमर 70 साल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घट्टिया थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर जांच में लिया गया था। मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा होना सामने आया था, मृतक गजराज का कुछ दिन पहले भतीजे विनायक तोमर से विवाद हुआ था, उसने धमकी दी थी। मामला जमीन विवाद, उधार रूपयों के साथ सगाई तुडवाने से जुड़ा था। गजराज ने अपने दूसरे भाई के पुत्र राहुल तोमर की भी जमीन हड़प ली थी जिसके चलते दोनों भतीजे कई दिनों से नाराज चल रहे थे। पुलिस ने जमीन विवाद और पारिवारिक विवाद सामने आने के बाद दोनों को हिरासत में ले लिया था लेकिन दोनों अपना गुनाह कबूल नहीं कर रहे थे। दोनों ने पूरी साजिश रच कर हत्या को अंजाम दिया था और कोई ऐसे सबूत भी घटनास्थल पर नहीं छोड़े जिससे पुलिस सीधे तौर पर उनको आरोपी मान सके, लेकिन घटिया थाना प्रभारी करण खोवाल और उनकी टीम ने तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से जांच करते मामले का पर्दाफाश कर दिया। तकनीकी आधार सामने आते ही पुलिस ने दोबारा पूछताछ की तो वह टूट गए और दोनों ने अपने चाचा की हत्या करना कबूल कर लिया उन्होंने कहा कि चाचा से काफी परेशान हो गए थे जिसके चलते हत्या की है। थाना प्रभारी खोवाल के अनुसार दोनों आरोपियों को शुक्रवार दोपहर न्यायालय में पेश कर अन्य साक्ष्य एकत्रित करने के लिए 1 दिन की रिमांड पर लिया गया है। बताया जा रहा है कि राहुल जमीन हड़पने से नाराज था। वहीं विनायक की सगाई हो चुकी थी कुछ दिनों पहले उसकी मंगेतर के परिवार को बाय पोस्ट एक पत्र मिला था, जिसमें उसकी गतिविधियों की जानकारी दी गई थी। वह पत्र उसकी मंगेतर के परिवार ने विनायक को भेजा था। जिसके चलते भतीजे विनायक का शंका थी कि पत्र चाचा ने भेजा है, वह हेडराईटिंग मिलान के प्रयास में था जिसको लेकर विवाद की स्थिति बनी थी। साजिश विनायक द्वारा ही रची गई थी जिसमें उसने अपने चचेरे भाई को भी शामिल कर लिया था।
