महासमुंद, 29 जुलाई (वार्ता) छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में लगातार रुक-रुक कर हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बुधवार को बागबाहरा विकासखंड के कसीबाहरा तथा नगर के वार्ड क्रमांक-09 स्थित रेलवे अंडरब्रिज में पानी भर जाने से आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है।
बारिश के कारण अंडरब्रिज जलमग्न होने पर रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा की दृष्टि से मार्ग को बंद कर दिया है तथा पानी निकासी का कार्य शुरू कर दिया है। वहीं, कलमीदादर डेम का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर पहुंच गया है, जिससे क्षेत्र में आवागमन बाधित हो गया है।
जिला प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनते नालों तथा पुल-पुलियों को पार नहीं करने की अपील की है। प्रशासन ने नागरिकों से आवश्यक होने पर ही घरों से निकलने तथा पूरी सावधानी बरतने का आग्रह किया है। लगातार बारिश के चलते प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
