फिर पटरी पर दौड़ेगी पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन

इंदौर:प्रकृति और रेलवे के खूबसूरत सफर का आनंद लेने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. यात्रियों की मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन को फिर से शुरू करने का निर्णय लिया है. ट्रेन 22 अगस्त 2026 से सप्ताह में तीन दिन शुक्रवार, शनिवार और रविवार को चलेगी. इस दौरान यात्री मालवा के मनोरम प्राकृतिक नजारों के बीच पातालपानी से कालाकुंड तक हेरिटेज सफर का आनंद ले सकेंगे.

पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार के अनुसार ट्रेन संख्या 52965 पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन पातालपानी से सुबह 11.05 बजे रवाना होगी और दोपहर 1.05 बजे कालाकुंड पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन संख्या 52966 कालाकुंड-पातालपानी हेरिटेज ट्रेन कालाकुंड से दोपहर 3.34 बजे रवाना होकर शाम 4.30 बजे पातालपानी पहुंचेगी.

एसी और नॉन एसी चेयरकार की सुविधा
हेरिटेज ट्रेन में यात्रियों के लिए दो एसी चेयरकार (सी 1 और सी 2) तथा चार नॉन एसी चेयरकार (डी 1, डी 2 और डी 3) कोच उपलब्ध रहेंगे. ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को आने और जाने के लिए अलग-अलग टिकट लेना होगा. एक दिशा की यात्रा के लिए एसी चेयरकार का किराया 270 रुपए तथा नॉन एसी चेयरकार का किराया 20 रुपए प्रति यात्री निर्धारित किया गया है.

बुकिंग शुरू, आईआरसीटीसी पर भी टिकट उपलब्ध
पातालपानी-कालाकुंड हेरिटेज ट्रेन की बुकिंग सभी पीआरएस काउंटरों और आईआरसीटीसी वेबसाइट पर शुरू कर दी गई है. यात्री अपनी यात्रा की योजना के अनुसार पहले से टिकट बुक करा सकते हैं. पश्चिम रेलवे के अनुसार ट्रेन के ठहराव, समय-सारणी और कोच संरचना से संबंधित विस्तृत जानकारी रेलवे की पूछताछ सेवा पर उपलब्ध है. मालवा के प्राकृतिक सौंदर्य और हेरिटेज रेलवे यात्रा का अनुभव लेने के इच्छुक यात्रियों के लिए सप्ताहांत में यह ट्रेन एक आकर्षक विकल्प साबित हो सकती है

Next Post

कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर में वरिष्ठ नेता और विषय विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन

Sat Aug 22 , 2026
इंदौर: शहर के उत्तरी क्षेत्र में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आज से शुरू हुआ. उक्त शिविर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विषय विशेषज्ञों ने कार्यकर्ताओं को संगठन और तकनीकी पहलुओं की जानकारी दी. कार्यकर्ताओं को विपक्षी पार्टी के मुद्दों को  तकनिकी उपयोग से प्रचार करने और कांग्रेस […]

You May Like