जिपं में उपद्रव: महिला अधिकारी के केबिन में घुसकर पीटा

जबलपुर। जिला पंचायत कार्यालय में बुधवार दोपहर उस वक्त हडक़ंप मच गया, जब एक सिरफिरे पति ने पत्नी के खिलाफ चल रही जांच से बौलखाकर दफ्तर के अंदर घुसकर ड्यूटी पर तैनात एक महिला अधिकारी पर हमला कर दिया। आरोपी ने केबिन का दरवाजा खोलकर महिला अधिकारी को सरेआम लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। घायल महिला अधिकारी को लहूलुहान हालत में विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बेलबाग पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा डालने और हमले सहित अन्य धाराओं मे मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। इसके अलावा आरोपी ने दो अन्य अधिकारियों को भी धमकाया है। जिस पर सिहोरा, कुंडम थाने में भी एफआईआर दर्ज हुई है।

बेलबाग पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जिला पंचायत कार्यालय जबलपुर में जिला परियोजना प्रबंधक बुधवार दोपहर करीब 12:20 बजे वह अपने कक्ष क्रमांक 34 में रोजाना की तरह शासकीय कार्य निपटा रही थीं। इसी दौरान बेलबाग निवासी योगेश सोनी गुस्से में उनके केबिन के अंदर दाखिल हुआ। आरोपी योगेश सोनी की पत्नी आरती सोनी जनपद पंचायत में सहायक विकासखंड प्रबंधक हैं और उनके खिलाफ वित्तीय अनियमितताओं को लेकर विभाग में जांच चल रही है। आरोपी को शक था कि इस जांच के पीछे जिला परियोजना प्रबंधक का हाथ है। इसी बात का बदला लेने के लिए आरोपी सीधे उनके दफ्तर पहुंच गया। दफ्तर में घुसते ही आरोपी योगेश ने चिल्लाते हुए हंगामा मचाया। जब महिला अधिकारी ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने उन पर हमला बोल दिया। उसने महिला अधिकारी को बाल पकडक़र घसीटा और चेहरे, कान, पेट पर ताबड़तोड़ लात-घूंसों से हमला कर दिया । चीख-पुकार सुनकर बगल के कमरों में बैठे कर्मचारी दुर्गा प्रसाद तिवारी, रूपेश अग्रवाल, रवि कुमार तिवारी और सुधा शुक्ला तुरंत केबिन की तरफ भागे। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आरोपी की चंगुल से महिला अधिकारी को छुड़ाया। दफ्तर के स्टाफ को भारी पड़ता देख आरोपी आज तो बच गई, दोबारा दिखी तो जान से मार डालूंगा कहते हुए भाग निकला। घटना के बाद सहकर्मी तुरंत घायल अधिकारी को लेकर विक्टोरिया अस्पताल पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है । पुलिस ने आरोपी योगेश सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

कार्यपालन अधिकारी के कक्ष में भी हंगामा, धमकाया

वित्तीय अनियमितताओं की जांच करने टीम सिहोरा भी पहुंची थी। इसके बाद जनपद पंचायत सिहोरा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के कक्ष में भी पहुंचकर योगेश सोनी ने हंगामा मचाया था बल्कि एनआरएलएम ब्लाक प्रबंधक सिहोरा राकेश जाट से अभद्रता करते हुए धमकाया था। जांच में सहयोग न करने की धमकी दी थी। इस मामले की शिकायत सिहोरा थाने में दर्ज हुई। शिकायत करने के शक में सहायक विकास खंड प्रबंधक कुंडम संजय मिश्रा को भी योगेश सोनी ने धमकी दी है। कुडंम थाने में भी शिकायत दर्ज कराई गई ।

Next Post

फैसला नीतिगत, न्याय की जीत, एकजुटता का नतीजा, अब सरकार देरी न करें

Thu Sep 10 , 2026
जबलपुर। हाई कोर्ट ने प्रोबेशन अवधि में कर्मचारियों को 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन देने की राज्य सरकार की व्यवस्था को असंवैधानिक ठहराते हुए निरस्त कर दिया है। फैसला आते ही सरकारी महकमों में खुशियों की लहर है। साल 2019 से 70, 80 और 90 प्रतिशत वेतन के कानून […]

You May Like